युवा पेज की लीड
मुंगेर में रविवार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक के पद के लिए लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। 7032 में से 3973 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत थी और अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की व्यवस्था प्रशंसा के योग्य रही।

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) के पद पर नियुक्ति के लिए रविवार को मुंगेर जिले के 18 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली में लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। जिला शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा में कुल 7032 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से 3973 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 3059 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा निर्धारित समय पर सभी केन्द्रों पर शुरू हुई और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर सभी केन्द्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
प्रवेश से पहले हुई अभ्यर्थियों की गहन जांच:
अभ्यर्थियों को 9.30 बजे से पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में सघन जांच के बाद केन्द्र में प्रवेश कराया गया। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की पहचान पत्र की जांच के साथ-साथ सघन तलाशी ली गई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं प्रतिबंधित सामग्री के साथ किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश कराया गया.
प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया व्यवस्था का जायजा:
परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का लगातार निरीक्षण करते रहे। केन्द्राधीशों को परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया था। प्रशासन की सतर्कता और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई.
----------------------------------------------------------------------
क्या कहते हैं अभ्यर्थी
आयोग ने जो पेपर सेट किया है, उसमें कभी स्तर को बहुत ज्यादा कठिन कर दिया जाता है तो कभी अचानक आसान कर दिया जाता है। इस बार बेहद आसान प्रश्न पूछ लिए गए, जबकि इसके पहले जो परीक्षा ली गई थी, उसमें काफी कठिन सवाल पूछे गए थे। इस तरह के अप्रत्याशित बदलावों से छात्रों को अचानक झटका लगता है।
विक्की कुमार, अभ्यर्थी
-------------------------------------------------
मैं भागलपुर डिस्ट्रिक्ट से मद्य निषेध दरोगा की परीक्षा देने आया हूं। परीक्षा के प्रश्न पत्र ना अधिक आसान ना ही ज्यादा मुश्किल थे। आज का एग्जाम काफी ठीक-ठाक गया है और मुझे अच्छे प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है। परीक्षा देकर बाहर आने के बाद मुझमें आत्मविश्वास आया कि मैंने अपना प्रदर्शन बेतर किया है और मैं काफी संतुष्ट हूं।
आनंद कुमार , अभ्यर्थी


