डिजिटल शिक्षण तकनीकों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

हिन्दुस्तान, मुंगेर
Follow us on Google News
share

मुंगेर विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीकों के उपयोग को लेकर शिक्षक विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने शिक्षकों को एआई और डिजिटल शिक्षण तकनीकों के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। अगली कक्षाओं में भी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देने की योजना है।

डिजिटल शिक्षण तकनीकों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग को लेकर मुंगेर विश्वविद्यालय के शिक्षक विकास प्रकोष्ठ एवं कोशी कॉलेज, खगड़िया की ओर से आयोजित छह दिवसीय शिक्षक विकास कार्यक्रम में मंगलवार को दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, पटना विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षण और कुलाधिपति सचिवालय के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। पहले सत्र में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के प्रो. प्रमोद के. मिश्रा ने ‘आंकड़ा आधारित विश्व में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की समझ व उसके अनुप्रयोग’ विषय पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने एआई की मूल अवधारणाओं, आंकड़ों पर आधारित निर्णय प्रक्रिया और शिक्षा में एआई के संभावित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए एआई की समझ अब केवल तकनीकी जरूरत नहीं, बल्कि प्रभावी एवं विद्यार्थी केंद्रित शिक्षण की आवश्यकता बनती जा रही है। साथ ही एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल के साथ अकादमिक नैतिकता, रचनात्मकता और आलोचनात्मक चिंतन बनाए रखने पर जोर दिया।

डिजिटल शिक्षण तकनीकों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

दूसरे सत्र में राजकीय अभियंत्रण कॉलेज, मुंगेर के प्राचार्य डॉ. शंभु शंकर भारती ने ‘सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के माध्यम से डिजिटल शिक्षण’ विषय पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने शिक्षकों को अधिगम प्रबंधन प्रणाली, विशाल मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम, मुक्त शैक्षिक संसाधन, ई-शिक्षण सामग्री और डिजिटल भंडार के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। शिक्षक विकास प्रकोष्ठ के विश्वविद्यालय नोडल पदाधिकारी डॉ. प्रिय रंजन तिवारी ने कहा कि तकनीक का उद्देश्य शिक्षक का स्थान लेना नहीं, बल्कि उनकी क्षमता और शिक्षण की प्रभावशीलता को बढ़ाना है। दोनों सत्रों में शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए विशेषज्ञों से सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया।

कार्यक्रम का संचालन

कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य प्रो. नागेंद्र कुमार शर्मा और कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कुंडल कुमार के समन्वय से किया जा रहा है। आगामी सत्रों में एआई, डिजिटल शिक्षा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा में नवाचार सहित विभिन्न विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

-----------------

12 से शुरू होगी स्नातक सेमेस्टर- 6 की परीक्षा

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय के सत्र 2023-26 स्नातक सेमेस्टर-6 की परीक्षा 12 अक्तूबर से शुरू होगी। परीक्षा 16 अक्तूबर तक चलेगी। इसके लिए विश्वविद्यालय ने 19 परीक्षा केन्द्र बनाए हैं, जहां 32 अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय ने शेड्यूल व केन्द्रों से संबंधित सूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की सूचना के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9.45 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए एमजेसी और एमआईसी विषयों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। दोनों विषयों के दो-दो ग्रुप बनाए गए हैं, जिसके आधार पर अलग-अलग तिथियों में परीक्षा ली जाएगी। वहीं, विश्वविद्यालय द्वारा संबंधित सत्र के विद्यार्थियों से 6 से 9 अक्तूबर तक परीक्षा फॉर्म भराया जा रहा है। परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों का एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। एडमिट कार्ड जारी करने से संबंधित सूचना विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा से पूर्व जारी की जाएगी।

----------------

इंटर में स्पॉट नामांकन की तिथि बढ़ी, 15 अक्टूबर तक मिलेगा मौका

मुंगेर, एक संवाददाता। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सत्र- 2026-28 के लिए राज्य के मान्यता प्राप्त इंटरस्तरीय शिक्षण संस्थानों में स्पॉट नामांकन की तिथि बढ़ा दी है। अब आगामी 9 से 15 अक्टूबर तक स्पॉट नामांकन लिया जा सकेगा। इसकी जानकारी देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुणाल गौरव ने बताया कि, विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए समिति ने नामांकन की तिथि विस्तारित की है।

उन्होंने बताया कि, संबंधित शिक्षण संस्थानों को स्पॉट नामांकन के तहत नामांकित प्रत्येक विद्यार्थी का विवरण 16 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से ओएफएसएस पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट करना होगा। इससे पहले स्पॉट नामांकन के लिए 25 जून से 9 जुलाई, 5 से 11 अगस्त तथा 15 से 18 सितंबर तक अलग-अलग चरणों में तिथियां निर्धारित की गई थीं। उन्होंने कहा कि, समिति ने स्पष्ट किया है कि, ओएफएसएस के माध्यम से नामांकित विद्यार्थियों का ही 11वीं कक्षा में पंजीयन किया जाएगा। पंजीकृत विद्यार्थी ही वर्ष- 2028 की 12वीं/ 2 वार्षिक परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। स्पॉट नामांकन से संबंधित अन्य सभी शर्तें पूर्व में जारी विज्ञप्तियों के अनुसार यथावत रहेंगी।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦प्रशिक्षण कार्यक्रम कब आयोजित किया गया?−
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsडिजिटल शिक्षण तकनीकों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण