मुंगेर: मुंगेर ब्लड बैंक राज्य में अव्वल, पटना में सिविल सर्जन और प्रभारी सम्मानित
मुंगेर स्वास्थ्य विभाग को एड्स नियंत्रण कार्यक्रमों में उत्कृष्टता और ब्लड बैंक संचालन के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि जिले ने एनएसीओ डैशबोर्ड पर 95 प्रतिशत से अधिक एआरटी उपचार में सफलता हासिल की है। ब्लड बैंक ने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है।

मुंगेर, निज संवाददाता। एड्स नियंत्रण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और ब्लड बैंक संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन को लेकर मुंगेर स्वास्थ्य विभाग को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। पटना में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (बीएसएसीएस) द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ. राजू और ब्लड बैंक के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. फैजुद्दीन को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि मुंगेर जिले ने एनएसीओ डैशबोर्ड पर सक्षम श्रेणी में जगह बनाते हुए एआरटी उपचार से जुड़ाव में 95 प्रतिशत से अधिक की उपलब्धि हासिल की है।
यह मुंगेर जिले की स्वास्थ्य टीम की उत्कृष्ट कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।इसके साथ ही सदर अस्पताल मुंगेर में संचालित ब्लड बैंक ने अपने बेहतर रखरखाव और समुचित क्रियान्वयन के बल पर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। सिविल सर्जन ने इस सफलता का श्रेय लगातार की जा रही मॉनिटरिंग को दिया। उन्होंने कहा कि जिले में सभी स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने के लिए जिला स्तर से नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस उपलब्धि से जिले के स्वास्थ्यकर्मियों में हर्ष का माहौल है।


