‘ए रिवर कलर्ड रेड’ का फिल्म महोत्सव के लिए चयन
झारखंड की आदिवासी संस्कृति और भाषा को दर्शाने वाली मुंडारी फिल्म 'ए रिवर कलर्ड रेड' (मियद आरा: गाड़ा) का फिल्म महोत्सव के लिए चयन हुआ है। युवा फिल्मकार सौरभ कुमार मुंडा द्वारा निर्देशित, यह फिल्म आदिवासी जीवन के संघर्ष को उजागर करती है। फिल्म में झारखंड के कलाकारों ने अभिनय किया है।

बुंडू, संवाददाता। झारखंड की आदिवासी संस्कृति, भाषा और जीवन की कहानी को बड़े फिल्म मंच तक पहुंचाने वाली मुंडारी फिल्म ‘ए रिवर कलर्ड रेड’ (मियद आरा: गाड़ा) का फिल्म महोत्सव के लिए चयन हुआ है। बुंडू निवासी युवा फिल्मकार सौरभ कुमार मुंडा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पूरी तरह मुंडारी भाषा में बनी फिल्म में झारखंड के कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म की कहानी आदिवासी जीवन, जंगल, जमीन, खनन और बाहरी हस्तक्षेप के बीच अस्तित्व और पहचान बचाने के संघर्ष पर केंद्रित है। सौरभ कुमार मुंडा ने नेतरहाट विद्यालय से स्कूली शिक्षा के बाद बीआईटी से स्नातक, रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर और पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से फिल्म डायरेक्शन और स्क्रीनप्ले राइटिंग की शिक्षा ली है।
फिल्म की तकनीकी टीम में छायांकन वेसाबो योबिन, संपादन सत्यम महतो, प्रोडक्शन डिजाइन अर्पित नाग और साउंड डिजाइन मयूरेश राजगुरे शामिल हैं। मुख्य भूमिकाओं में सुमन पूर्ति और अनुराग लुगून समेत झारखंड के कलाकार हैं। उलगुलान मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश मुंडा ने सौरभ कुमार मुंडा और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह मुंडारी भाषा, आदिवासी संस्कृति और स्थानीय कहानी कहने की परंपरा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड के युवा फिल्मकारों को अपनी भाषा और जमीन की कहानियां बड़े मंच तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

