ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशआफत की बारिशः मानूसन ने मुंबई के जनजीवन पर फिर लगाया ‘ब्रेक’

आफत की बारिशः मानूसन ने मुंबई के जनजीवन पर फिर लगाया ‘ब्रेक’

मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे शहर में आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात की गति थम गई है। सरकार ने एहतियातन...

आफत की बारिशः मानूसन ने मुंबई के जनजीवन पर फिर लगाया ‘ब्रेक’
एजेंसी ,मुंबईMon, 09 Jul 2018 07:56 PM
ऐप पर पढ़ें

मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे शहर में आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात की गति थम गई है। सरकार ने एहतियातन मुंबई के सभी स्कूलों और कालेजों को सोमवार को बंद रखा। 

मुंबई में सोमवार की सुबह मुंबईकरों के लिए आफत लेकर आई। भारी बारिश और कम दृश्यता की वजह से ट्रैफिक पर ब्रेक लग रहा। कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति रही। निचले इलाके खासतौर पर दादर, सायन, परेल, कुर्ला, विद्याविहार, अंधेरी, मलाड और जोगेश्वरी इलाकों में घुटनों तक पानी जमा होने के कारण कई वाहन बंद हो गए, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। 

वहीं प्रशासन ने पानी निकालने के लिए मेनहोल खोले हैं। इसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका के कर्मचारियों और मुंबई पुलिस के जवानों को जल जमाव के क्षेत्रों में तैनात किया गया है।

उपनगरीय रेल सेवा देरी से चल रही 

पटरियों पर पानी जमा होने के कारण उपनगरीय ट्रेनें देर से चली। पश्चिमी रेलवे के अधिकारियों ने कहा, कई स्थानों पर जल जमाव की वजह से कुछ सेवाएं रोकी गई। चार एसी ट्रेनों को रद्द किया गया है। मध्य रेलवे ने भी कहा कि एहतियातन कम गति से ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इस बीच, सैंडहर्स्ट रोड रेलवे स्टेशन पर बारिश से दीवार गिरने की सूचना मिली है। लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी प्रभाव पड़ा है। मुंबई-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मुंबई-वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया। 

सड़क और हवाई यातायात पर भी पड़ी मार 

बारिश और जल जमाव की वजह से बेस्ट की बसें जगह-जगह जाम में फंस गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी उड़ानों में 15 से 20 मिनट की देरी होने की सूचना है। 

13 इमारतें हुई धराशायी

भारी बारिश के कारण मुंबई में कम से कम 13 इमारतों या उनके हिस्सों के गिरने की खबर है। आपदा प्रबंधन प्रभाग ने बताया कि रविवार को चार इमारतें मुंबई में, पांच इमारतें पश्चिमी उपनगरों में चार इमारतें पूर्वी उपनगरों में बारिश के कारण ध्वस्त हो गए। हालांकि,इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 

स्कूल कॉलेज बंद 

जगह-जगह जलजमाव को देखते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने सोमवार को मुंबई के स्कूलों और कॉलेजों में एहतियातन छुट्टी की घोषणा की। इसके साथ ही प्रथम वर्ष जूनियर कॉलेज प्रवेश की अंतिम तारीख सोमवार शाम पांच बजे से बढ़ाकर मंगलवार शाम पांच बजे तक करने का ऐलान किया। इस बीच मुंबई यूनिवर्सिटी ने सोमवार को जो छात्र परीक्षा नहीं दे सके, उनके लिए नए सिरे से परीक्षा कराने का ऐलान किया है। 

आने वाले दिनों में भी राहत नहीं

भारतीय मौसम विभाग मुंबई के उप महानिदेशक के एस होसालिकर ने कहा कि मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर शुक्रवार तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मुंबई में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक औसतन 144 मिमी बारिश हुई है। जबकि आसपास के जिलों जैसे पालघर, रायगढ़ और दक्षिण कोंकण में 200 मिमी तक बारिश हुई है। 

सारण गैंगरेपः पहले बेटे ने फिर प्रिंसिपल पिता ने बार-बार किया रेप

ट्रेड वारःअमेरिका से दूरी बढ़ाकर भारत के करीब आया चीन,घटाया आयात शुल्क

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें