ग्रीन गैस के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह की महिला को पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने मुंबई से एक महिला साइबर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने ग्रीन गैस मीटर अपडेट और कनेक्शन काटने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। गिरोह ने पिछले महीने में 40 से अधिक लोगों से पांच करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश देने का काम शुरू कर दिया है।

ग्रीन गैस मीटर अपेडट करने और कनेक्शन काटने की धमकी देकर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले साइबर जालसाज गिरोह की एक महिला को पुलिस ने मुंबई से धर दबोचा। साइबर थाने की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस टीम जालसाज महिला से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बीते एक माह में गिरोह ने शहर के विभिन्न इलाकों में रहने वाले 40 से अधिक लोगों से पांच करोड़ से ज्यादा की ठगी की है। ठगी के पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने के अलावा क्षेत्रीय थानों में मुकदमे दर्ज कराए थे। इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना आलोक राव ने बताया कि पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के निर्देश पर अपर पुलिस उपायुक्त किरन यादव ने छह टीमें गठित की थी। ठगों के मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर लोकेशन ट्रेस की गई। एक की लोकेशन मुंबई मिली। इसके बाद पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया। मुंबई से पुलिस टीम ने सना नाम की महिला को धर दबोचा। उसे हिरासत में लेकर पुलिस टीम आ रही है। सना से पूछताछ में गिरोह के बारे में कई अहम जानकारियां मिली हैं। जालसाजों के गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही अन्य को भी गिरफ्तार किया जाएगा। सना मुंबई में रहकर गिरोह का नेटवर्क चला रही थी。
एपीके फाइल का लिंक भेजकर गिरोह करता है ठगी :
गिरोह के जालसाज खुद को ग्रीन गैस कर्मी बताकर बिल पेंडिंग होने अथवा मीटर अपडेट कराने एवं कनेक्शन काटने की धमकी देते हैं। फिर मामला सेटल करने के नाम पर भुगतान के लिए एक लिंक भेजते हैं। लिंक में एपीके फाइल होती है। लिंक क्लिक करते ही मोबाइल का एक्सेस जालसाजों को मिल जाता है। इसके बाद वह बैंक खाते खाली कर देते हैं।
बरतें सावधानी :
-किसी भी अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप पर प्राप्त एपीके फाइल को डाउनलोड अथवा इंस्टाल न करें
-गैस/बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर भेजे गए किसी भी लिंक या फाइल पर विश्वास न करें
-ओटीपी, डेबिट/क्रेडिट कार्ड डिटेल्स अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें
-केवल अधिकृत माध्यमों से ही ग्रीन गैस/मीटर संबंधी जानकारी का सत्यापन करें
-कोई भी संदिग्ध कॉल/मैसेज आए तो तत्काल 1930 पर सूचना दें अथवा निकटतम साइबर क्राइम थाने से संपर्क करें
-लाउडस्पीकर लेकर कॉलोनियों और आरडब्ल्यूए में लोगों को करेंगे जागरूक
लिंक के बजाय स्वयं ग्रीन गैस के अधिकृत माध्यमों से जानकारी की पुष्टि करें :
- ग्रीन गैस कस्टमर केयर नंबर : 6390905003
- सीजीएल इंगेज एप
- ग्रीन गैस के अधिकृत कस्टमर केयर ईमेल आईडी (customercare.lko@gglonline.net)
- अधिकारिक एसएमएस हेडर - GGLPNG-S

