मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच ने भगवानपुर से युवक को पकड़ा
मुंबई क्राइम ब्रांच ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर रामपुर गांव के संजीव कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस को संज्ञान मिला था कि उसने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। जांच के दौरान अन्य आरोपियों का नाम भी सामने आया। अब संजीव को सीवान न्यायालय में पेश किया जाएगा। जांच की कार्रवाई जारी है।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। मुंबई क्राइम ब्रांच की पुलिस ने सोमवार को मोबाइल लोकेशन के आधार पर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान मोबाइल दुकानदार संजीव कुमार के रूप में हुई है। मुम्बई क्राइम ब्रांच यूनिट-12 दहीसर के एपीआई युवराज चौहान, हवलदार राणे और कांस्टेबल सिरसाठ की टीम ने भगवानपुर हाट थाने की पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। मुंबई पुलिस की टीम संजीव कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर भगवानपुर हाट थाने लाई। यहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने उससे काफी देर तक पूछताछ की। एपीआई युवराज चौहान ने बताया कि मामले को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच दहीसर में एफआईआर दर्ज है।
सामाजिक मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल
सोशल मीडिया पर इंस्पेक्टर संजय के नाम से बनाए गए एकाउंट के संबंध में संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले के अनुसंधान के दौरान मुंबई की अंजला मोबारक को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ती गईं। जांच के दौरान मध्यप्रदेश के गौरव परिहार, झारखंड के अमित कुमार तिवारी, आजाद कुमार और कृष्णा कुमार के नाम सामने आए।
साइबर नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
मुंबई पुलिस के अनुसार, जांच में झारखंड के कृष्णा कुमार के एक रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में कार्यरत है, के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी कर सीडीआर, एसडीआर, लाइव लोकेशन और मोबाइल लोकेशन से जुड़ा कथित गैरकानूनी नेटवर्क संचालित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम तीन दिन पहले भगवानपुर पहुंची थी। टीम ने संजीव कुमार की दुकान और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद सोमवार को मुंबई पुलिस के अधिकारी सादे लिबास में संजीव के घर पहुंचे और उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचे। मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही भगवानपुर बाजार में पूरे दिन चर्चा होती रही। एपीआई युवराज चौहान ने बताया कि गिरफ्तार संजीव कुमार को सीवान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जाएगा, जहां मामले में आगे की जांच और पूछताछ की जाएगी।

