विशेष कोर्ट ने 44 सोमाली लुटेरों को सुनाई उम्रकैद की सजा
मुंबई की विशेष अदालत ने सोमवार को समुद्री डकैती के आरोप में 44 सोमाली नागरिकों को उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने भारतीय नौसेना की कार्यवाही की सराहना की और कहा कि आरोपियों ने गंभीर अपराध किए हैं। सभी आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार किया, लेकिन न्यायालय ने उनकी नरमी की अपील को ठुकरा दिया।

मुंबई, एजेंसी। मुंबई की एक विशेष अदालत ने सोमवार को दो अलग-अलग मामलों में समुद्री डकैती और अन्य अपराधों के आरोप में 44 सोमाली नागरिकों को उम्रकैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने कानूनी और अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी बखूबी निभाने पर भारतीय नौसेना की सराहना भी की। विशेष जज एसबी डिगे की अदालत ने कहा कि आरोपियों द्वारा किए गए अपराध गंभीर प्रकृति के थे। सभी 44 आरोपियों ने कोर्ट के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया था और नरमी बरतने की अपील की थी। कोर्ट ने कहा, ‘हमें आरोपियों की खराब हालत और उनके स्वेच्छा से अपराध कबूलने की जानकारी है। लेकिन समुद्र में जहाज हाईजैक कर क्रू सदस्यों को बंधक बनाकर फिरौती मांगना, उन्हें मारने की कोशिश करना और उन्हें मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल करने को हल्के में नहीं लिया जा सकता।’
कोर्ट ने कहा कि आरोपियों ने भारतीय नौसेना के कानूनी निर्देशों का पालन भी नहीं किया।


