एंटीलिया मामले में जब्त कार पुलिस को लौटाने का आदेश
मुंबई की विशेष अदालत ने एनआईए को सचिन वाजे द्वारा इस्तेमाल की गई जब्त कार वापस करने का आदेश दिया। यह कार 2021 में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास 'एंटीलिया' के पास विस्फोटक मामले में जब्त की गई थी। विशेष न्यायाधीश चकोर बाविस्कर ने कार वापस किए जाने की याचिका मंजूर की। वाजे वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।

मुंबई, एजेंसी। एंटीलिया बम कांड मामले में मुंबई की एक विशेष अदालत ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे द्वारा इस्तेमाल की गई जब्त कार को पुलिस विभाग को वापस करने का आदेश दिया है। एनआईए ने वर्ष 2021 में इस इनोवा कार को जब्त किया था और वैज्ञानिक जांच के लिए इसे केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल), पुणे भेजा था। जांच के बाद सीएफएसएल ने वाहन को एनआईए को वापस सौंप दिया था। विशेष एनआईए न्यायाधीश चकोर बाविस्कर ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस की ओर से कार वापस किए जाने की मांग वाली याचिका को मंजूर कर लिया।
गौरतलब है कि 25 फरवरी 2021 को उद्योगपति मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित आवास ‘एंटीलिया’ के पास विस्फोटक से भरी एक एसयूवी बरामद हुई थी। एसयूवी खड़ी करने में कथित भूमिका के लिए कुछ दिनों बाद सचिन वाजे को गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।


