बैंक धोखाधड़ी में मेहता और उनकी पत्नी भगोड़ा घोषित
मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने 146.35 करोड़ रुपये के केनरा बैंक धोखाधड़ी मामले में सर्राफा कारोबारी जतिन मेहता, उनकी पत्नी सोनिया मेहता और एक अन्य व्यक्ति को भगोड़ा घोषित किया। अदालत ने सीबीआई की याचिका मंजूर की, लेकिन आरोपियों की संपत्तियां कुर्क करने की अनुमति नहीं दी। न्यायाधीश ने कहा कि संपत्ति बेचने की आशंका जताई गई थी, पर उसे साबित करने के लिए ठोस तथ्य पेश नहीं किए गए।

मुंबई, एजेंसी। मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत ने 146.35 करोड़ रुपये के केनरा बैंक धोखाधड़ी मामले में सर्राफा कारोबारी जतिन मेहता, उनकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को भगोड़ा घोषित करने का सोमवार को आदेश दिया। विशेष न्यायाधीश नितिन वी. जिवाने ने फरार आरोपियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक याचिका को मंजूरी दे दी। याचिका में आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, अदालत ने उनकी संपत्तियों को कुर्क करने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया। सीबीआई ने जतिन मेहता, उनकी पत्नी सोनिया मेहता और दो अन्य लोगों की संपत्तियों को कुर्क करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
एजेंसी ने आशंका जताई थी कि आरोपी अपनी संपत्तियां बेच सकते हैं। अदालत ने कहा कि सीबीआई ने केवल आशंका जताई है, लेकिन अपने दावे को साबित करने के लिए कोई ठोस तथ्य पेश नहीं किए।

