झांसी-कानपुर हाईवे पर कई ट्रक टकराए, 6 घायल
उरई में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को कई ट्रकों की टक्कर हुई। हादसे में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

उरई। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संकटमोचन मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक के बाद एक कई ट्रक आपस में टकरा गए। तेज आवाज और टक्कर से हाईवे पर अफरातफरी मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके चलते कुछ देर के लिए एक तरफ का यातायात भी बाधित रहा जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने दुरुस्त कराया। उरई कोतवाली क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस सेवा और उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे ट्रक अनियंत्रित होकर टकरा गए। उरई कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होंगे।


