कश्यप-निषाद समाज को नहीं मिले संवैधानिक अधिकार: सहनी
बड़ौत में विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश सहनी ने कहा कि कश्यप-निषाद समाज अपने संवैधानिक अधिकार और आरक्षण के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने डॉ. संजय निषाद की नाकामी पर चिंता जताते हुए समाज को संगठित होने और लोकतांत्रिक ढंग से संघर्ष करने का आह्वान किया। अगले महीने से 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' की घोषणा की।

बड़ौत। विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बागपत में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कश्यप-निषाद समाज अब अपने संवैधानिक अधिकार, सम्मान और आरक्षण के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी राजनीतिक ताकत पहचानकर संगठित होना होगा और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा। मुकेश सहनी ने कहा कि डॉ. संजय निषाद कश्यप-निषाद समाज को उनका संवैधानिक अधिकार एवं आरक्षण दिलाने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वे वास्तव में समाज के हितैषी हैं, तो उन्हें या तो केंद्र सरकार से कश्यप-निषाद समाज को आरक्षण दिलाना चाहिए अथवा मंत्री पद से इस्तीफा देकर समाज के साथ संघर्ष करना चाहिए।मुकेश
सहनी ने घोषणा की कि अगले महीने से पूरे उत्तर प्रदेश में 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' निकाली जाएगी। कार्यक्रम प्रभारी हरिओम निषाद, प्रदीप कश्यप, प्रेमचंद कश्यप, ओमवीर कश्यप, श्रीनिवास कश्यप आदि उपस्थित रहे।


