एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन में चुनिंदा आइडिया पर 15 लाख तक की सहायता
कन्नौज में नवाचार क्षेत्र में काम कर रहे छात्रों और स्टार्टअप के लिए एमएसएमई मंत्रालय ने आइडिया हैकाथॉन 6.0 का आयोजन किया है। चयनित विचारों को 15 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। इस बार नवीकरणीय ऊर्जा और तकनीकी नवाचारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कन्नौज, संवाददाता। नवाचार के क्षेत्र में काम कर रहे छात्रों, स्टार्टअप, युवा उद्यमियों और शोधकर्ताओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन 6.0 के तहत नवाचार आधारित विचारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना में चयनित आइडिया को प्रोटोटाइप (प्रारूप मॉडल) विकसित करने के लिए अधिकतम 15 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्नौज एवं नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन ने जिले के छात्रों, नवप्रवर्तकों और उद्यमियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
इस बार नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक एवं ऑटोमोबाइल प्रौद्योगिकी, उद्योग 4.0 एवं 5.0, रोबोटिक्स, स्वचालन, ऊर्जा दक्षता, चिकित्सा उपकरण, जैव प्रौद्योगिकी, ड्रोन, रक्षा तकनीक और उन्नत सामग्री जैसे भविष्य की तकनीकों से जुड़े नवाचारों को प्राथमिकता दी जाएगी। हैकाथॉन में छात्र, स्टार्टअप, एमएसएमई इकाइयां, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, व्यक्तिगत नवप्रवर्तक और उद्यमी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक का भारतीय नागरिक होना तथा 27 जून 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का होना अनिवार्य है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्नौज को मेजबान संस्थान चुनने वाले प्रतिभागियों को नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन के माध्यम से आइडिया को प्रोटोटाइप में बदलने, तकनीकी मार्गदर्शन, परीक्षण, उद्योग विशेषज्ञों से संपर्क, उद्यम स्थापना और निवेशकों तक पहुंच जैसी सुविधाएं मिलेंगी। संस्थान पहले भी हैकाथॉन के पिछले संस्करण में दो चयनित नवाचारों को सफलतापूर्वक विकसित करा चुका है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि एक विचार केवल एक ही मेजबान संस्थान के माध्यम से प्रस्तुत किया जा सकता है। गलत जानकारी, साहित्यिक चोरी या एक से अधिक संस्थानों के माध्यम से आवेदन करने पर अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी 14 जुलाई तक आवेदन कर अपने नवाचार को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने का अवसर हासिल कर सकते हैं।


