मुसाबनी यूरेनियम रिकवरी प्लांट को पुनः चालू कराने की पहल
घाटशिला के सांसद विद्युत वरण महतो ने मुसाबनी में यूरेनियम रिकवरी प्लांट को फिर से चालू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह प्लांट बंद होने से रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड का प्लांट पुनः चालू हो चुका है, जिसे देखते हुए यूरेनियम प्लांट का संचालन भी आवश्यक है।

घाटशिला। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने मुसाबनी स्थित यूरेनियम रिकवरी प्लांट को पुनः चालू कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस संबंध में उन्होंने यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड,जादूगोड़ा के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक आनंद पंचम राव मिल कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि मुसाबनी के बानालोपा क्षेत्र के समीप यूसीआईएल का यूरेनियम रिकवरी प्लांट पूर्व में स्थापित एवं संचालित था। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड का मुसाबनी स्थित प्लांट बंद होने के कारण यूसीआईएल द्वारा भी उक्त यूरेनियम रिकवरी प्लांट का संचालन बंद कर दिया गया था। वर्तमान में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड द्वारा मुसाबनी स्थित अपने प्लांट को पुनः चालू किया जा चुका है।
ऐसी परिस्थिति में पूर्व में संचालित यूरेनियम रिकवरी प्लांट को भी पुनः शुरू किए जाने की प्रबल आवश्यकता महसूस होती है। उन्होंने कहा कि प्लांट बंद होने के बाद प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से क्षेत्र के अनेक लोगों के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। इसके अतिरिक्त, टेलिंग से प्राप्त होने वाले यूरेनियम का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। देश के लिए महत्वपूर्ण एवं मूल्यवान धातु का अनुपयोगी रहना अथवा संभावित रूप से बर्बाद होना राष्ट्रीय हित की दृष्टि से उचित नहीं है।


