सांसद नरेश बसंल ने सुनी व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की समस्याएं
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने चकराता मंडल का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय किसानों से जैविक खेती के फायदे साझा किए। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से लागत घटेगी और उत्पादन में वृद्धि होगी। बंसल ने व्यापारियों और नागरिकों से बात करके उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया।
12 साल विश्वास के, विकास के और जन कल्याण के अभियान के तहत राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने मंगलवार को चकराता मंडल का दौरा कर क्षेत्रवासियों से व्यापक जनसंपर्क किया। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने ग्वासापुल में स्थानीय किसानों के साथ बैठक कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती के फायदे गिनाए। उन्होंने कहा कि जैविक खेती करने से किसानों की आमदनी बढ़ेगी और लागत घटेगी। सांसद बंसल ने कहा कि जैविक और प्राकृतिक खेती आज के समय की आवश्यकता है। इससे न केवल भूमि की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि किसानों की उत्पादन लागत भी कम होती है और बेहतर उपज प्राप्त होती है।
उन्होंने किसानों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने चकराता बाजार में जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया। सांसद बंसल ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। मौके पर चकराता विधानसभा संयोजक रामशरण नौटियाल, जिला महामंत्री अमित डबराल, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजयुमो संजय तोमर, मंडल अध्यक्ष मोनिका अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


