गोगरी: मोटरबोट एंबुलेंस से बाढ़ पीड़ितों की मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
गोगरी में संभावित बाढ़ को देखते हुए, डीएम के निर्देश पर मोटर बोट एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। यह स्वास्थ्य सेवा प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँचाने के लिए है, जहाँ जलजमाव के कारण आवागमन बाधित होता है। इसमें मेडिकल टीम बोट पर होगी, जो गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य मरीजों को सेवा प्रदान करेगी।

गोगरी । एक संवाददाता संभावित बाढ़ के मद्देनजर डीएम के निर्देश पर गोगरी अंचल में मोटर बोट एंबुलेंस तैयार किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से यह व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। इसका उद्देश्य बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।यह मोटर बोट एम्बुलेंस मेडिकल टीम के साथ उन क्षेत्रों का भ्रमण करेगी जहां जलजमाव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है। इसका मुख्य लक्ष्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना है। अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंद्रप्रकाश ने बताया कि मोटर बोट एम्बुलेंस के माध्यम से विशेष रूप से जोखिम ग्रस्त गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और अन्य जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस बोट पर डॉक्टर, नर्स और लैब टेक्नीशियन तैनात रहेंगे। इसमें आवश्यक दवाइयां, जांच की सुविधा और सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार मिल सकेगा। गोगरी प्रखंड के बोरना, बन्नी, रामपुर, भूरिया दियारा सहित अन्य बाढ़ प्रभावित पंचायतों में बोट एम्बुलेंस के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। यह पहल ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब बाढ़ के दौरान सड़क मार्ग से आवागमन मुश्किल हो जाता है। यह बोट एंबुलेंस लोगों के लिए एक प्रभावी चिकित्सा समाधान साबित होगा।


