अपहृत बेटे के गम में मां को पड़ा अटैक
रेलवे रोड निवासी साजिद पांच माह पूर्व अपहृत हुआ। उसके गायब होने से मां रुबीना परवीन को अटैक पड़ा जिससे उनका आधा शरीर लकवाग्रस्त हो गया। पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। एसएसपी से सहायता मांगी गई है और मामले की जांच के लिए स्वाट टीम को लगाया गया है।

रेलवे रोड निवासी साजिद पांच माह पूर्व अपहृत हुआ। बेटे के गम में मां रुबीना परवीन को अटैक पड़ा। जान तो बच गई, लेकिन आधा शरीर लकवाग्रस्त हो गया। अब उनका चलना फिरना बंद हो गया है। रुबीना रोजाना अपने पति नौशाद से बेटे की बरामदगी को लेकर जवाब मांगती है, लेकिन उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं होता। पुलिस आज तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। थाने से लेकर अफसरों की चौखट पर परिजन फरियाद लगा रहे हैं। अब मामले में दोबारा से जांच और कार्रवाई के लिए स्वाट टीम को लगाया गया है। रेलवे रोड के मकबरा चौक बाजार निवासी नौशाद का दोपहिया वाहनों की एसेसरीज का काम है। इनके साथ ही छह बेटे काम करते हैं। बड़ा बेटा 28 वर्षीय साजिद 22 फरवरी को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद लापता हो गया। घर के पास ही एक गली में साजिद का मोबाइल बंद हुआ था। 23 फरवरी को गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को दी गई और अपहरण कर हत्या की आशंका जताई। बताया कि मोहल्ले के एक परिवार से कुछ दिन पहले विवाद हुआ और उन्होंने ही हत्या करने का ऐलान किया था। साजिद के गायब होने के बाद उनकी मां रुबीना परवीन को सदमा लगा और अटैक आ गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद जान तो बच गई, लेकिन आधे शरीर ने काम करना बंद कर दिया। साजिद का अभी तक कोई सुराग पुलिस नहीं लगा पाई है。
एसएसपी से मांगी मदद, टीम लगाई
नौशाद ने बेटे की बरामदगी के लिए एसएसपी अविनाश पांडेय से मदद मांगी और शिकायत की। बताया कि थाना पुलिस ने 5 माह में भी कोई खोजबीन नहीं की है। आशंका जताई कि कुछ लोगों से रंजिश है और आशंका है कि उन्होंने ही अपहरण कर हत्या की है। मामला एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले को कार्रवाई के लिए भेजा गया। एसपी सिटी ने थाने से केस फाइल तलब की है और विवेचक को बुलाया। इस मामले में सर्विलांस टीम और स्वाट टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया है। दो दिन में रिपोर्ट मांगी है।
साजिद की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है
पता किया जा रहा है कि मोबाइल कहां बंद हुआ और आखिरी लोकेशन कहां थी। पुलिस टीम जल्द ही साजिद की बरामदगी कराएगी।
विनायक गोपाल भोसले, एसपी सिटी मेरठ


