तीन मासूमों की मां ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मचबार गांव में शनिवार की शाम तीन बेटियों की मां, प्रियंका, ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। उसका पति पुणे में काम करता है और घर पर केवल वृद्ध सास-ससुर थे। प्रियंका के शव को फंदे से लटकता हुआ पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

थाना क्षेत्र के गांव मचबार में शनिवार की शाम तीन मासूम बेटियों की मां ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का पति पुणे में मजदूरी करता है और घर पर वृद्ध सास-ससुर रहते हैं। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। ग्राम मचबार निवासी सुनील यादव की पत्नी प्रियंका ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका अपने पीछे तीन मासूम बेटियों दीक्षा, दीपिका और पायल को रोता-बिलखता छोड़ गई हैं। मृतका के पति पुणे में मजदूरी करते हैं, जबकि घर पर केवल वृद्ध सास-ससुर मौजूद थे।
शनिवार शाम करीब 4 बजे जब परिजनों ने प्रियंका का शव फंदे से लटकता देखा, तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी भोगांव आरके द्विवेदी, थानाध्यक्ष गगन कुमार गौड़ और इंस्पेक्टर ऊदल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी गगन गौड़ ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


