फोन से बात करते हुए धनसार में विवाहिता ने लगा ली फांसी
धनबाद की धनसार सीएचपी कॉलोनी में 26 वर्षीय शीतल देवी ने आत्महत्या कर ली। वह फोन पर बातचीत कर रही थीं। उनके पति राकेश काम के सिलसिले में जयपुर में थे। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। धनसार सीएचपी कॉलोनी में शनिवार को तीन बच्चों की मां शीतल देवी (26 वर्ष) ने अपने कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतका के पति राकेश कुमार से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या के दौरान शीतल किसी से फोन पर बातचीत कर रही थी। शव के बगल से ही उनका मोबाइल मिला है। पति राकेश ने बताया कि वह जयपुर में काम करता था। उसकी अनुपस्थिति में पत्नी शीतल अपने तीन बच्चों के साथ राजगंज के बगदाहा स्थित मायके में रह रही थी।
पांच दिन पहले ही राकेश जयपुर से वापस धनसार लौटा था और शीतल को अपने घर ले आया था। शीतल की सास रजिया देवी ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह घर के बाहर बैठी थीं। शीतल खाना बनाने के बाद अपने कमरे में चली गई। उसी दौरान शीतल के मोबाइल पर किसी का फोन आया। उस वक्त उसके दोनों मासूम बेटे और एक बेटी घर के बाहर खेल रहे थे। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो रजिया ने अपने बेटे राजेश को सूचना दी। राकेश ने घर पहुंचकर जब वेंटिलेटर से झांककर देखा तो शीतल फंदे से झूल रही थी। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू सिंह के माध्यम से धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या के वक्त शीतल फोन पर किससे बात कर रही थी, इसका पता लगाने के लिए कॉल डिटेल्स निकाली जा रही है।

