दहेज हत्या में पुलिस ने मृतका की सास को भी भेजा जेल
भूली आजाद नगर में 22 वर्षीय सहाना खातून और उसके 11 माह के बेटे की आग में जलकर मौत हो गई। पुलिस ने उसकी सास, पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत भी जुटाए हैं।

भूली आजाद नगर में विवाहिता और उसके 11 माह के मासूम बेटे की जलकर मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को फरार सास नुसरत प्रवीण उर्फ बेबी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पूर्व पुलिस मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इधर, भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने दल-बल के साथ आजाद नगर स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर सघन जांच-पड़ताल की। पुलिस ने उस छत का मुआयना किया, जहां से महिला जली हुई हालत में नीचे गिरी थी। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसकी तफ्तीश करते हुए पुलिस ने मौके से चप्पल, माचिस, जले हुए कपड़े, बच्चे के कपड़े, एसबेस्टस शीट के टुकड़े और एक लॉकेट जब्त किया है।गौरतलब
है कि बुधवार को आजाद नगर निवासी 22 वर्षीय सहाना खातून ने अपने 11 माह के बेटे के साथ आग की लपटों में घिरी अवस्था में छत से छलांग लगा दी थी। इलाज के दौरान उसी रात मासूम ने दम तोड़ दिया था, जबकि गुरुवार को मां की भी मौत हो गई थी। मामले में मृतका के पिता मो. गुलाम रसूल की शिकायत पर पुलिस ने पति शाहनवाज हक उर्फ राजा, ससुर इनामुल हक और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।


