पहले दिन 9 लाख से अधिक लोगों को लगाई गई प्रिकॉशन डोज, भारत का टीकाकरण कवरेज 152 करोड़ के पार
भारत में पहले दिन पात्र आयु वर्ग को 9 लाख से अधिक "एहतियाती खुराकें" दी गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को ये जानकारी दी। इसके मुताबिक भारत का कुल टीकाकरण कवरेज 152.78...

इस खबर को सुनें
भारत में पहले दिन पात्र आयु वर्ग को 9 लाख से अधिक "एहतियाती खुराकें" दी गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को ये जानकारी दी। इसके मुताबिक भारत का कुल टीकाकरण कवरेज 152.78 करोड़ हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, "पहले दिन पात्र आयु वर्ग को 9 लाख से अधिक "एहतियाती खुराकें" दी गईं। आज (सोमवार) शाम 7 बजे तक कुल 82 लाख वैक्सीन खुराकें दी गईं, जिससे भारत का कुल टीकाकरण कवरेज 152.78 करोड़ हो गया।" एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप सिंह गुलेरिया ने भी सोमवार से शुरू हुए कोमोरबिडिटी वाले 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक, फ्रंटलाइन वर्कर्स और हेल्थकेयर वर्कर्स के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 'एहतियाती खुराक' ली। सोमवार शाम 7 बजे तक 82 लाख (82,76,158) से अधिक वैक्सीन डोज दिए गए।
पीएम मोदी ने की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रिकॉशन डोज लेने वाले पात्र लोगों की तारीफ की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "भारत ने एहतियाती खुराक देना शुरू किया। उन लोगों को सलाम जिन्होंने आज टीका लगाया है। मैं उन सभी से अनुरोध करूंगा जो टीकाकरण के लिए पात्र हैं। जैसा कि हम सभी जानते हैं, टीकाकरण COVID-19 से लड़ने के सबसे प्रभावी साधनों में से एक है।"
India began administering Precaution Doses. Kudos to those who have got vaccinated today. I would request all those who are eligible to get vaccinated. As we all know, vaccination remains among the most effective means to fight COVID-19.
— Narendra Modi (@narendramodi) January 10, 2022
रजिस्ट्रेशन 8 जनवरी से शुरू हुआ था
भारत में 10 जनवरी से प्राथमिकता वाले समूहों को कोरोना की तीसरी खुराक लगाई जा रही है। कुछ समय पहले पीएम मोदी ने देश में 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना वैक्सीन की डोज दिए जाने का ऐलान किया था। इसके साथ ही उन्होंने पात्र लोगों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज लगाने की भी घोषणा की थी। सरकार इसे बूस्टर के बजाय प्रिकॉशन (एहतियाती) डोज कह रही है। Co-WIN ऐप पर प्रिकॉशन डोज के लिए रजिस्ट्रेशन 8 जनवरी से शुरू हुआ था।
ये लोग हैं तीसरी खुराक के लिए पात्र
प्रिकॉशन डोज के लिए फ्रंटलाइन वर्कर्स और कोमोरबिडिटी वाले वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं। इसके लिए दूसरी और तीसरी खुराक के बीच 9 महीने का अंतर होना चाहिए। इसलिए, यदि आपने अप्रैल 2021 के पहले सप्ताह तक अपनी दूसरी खुराक प्राप्त कर ली है, तो ही केवल आप एहतियाती खुराक के लिए पात्र होंगे। अन्यथा, आपको अपनी दूसरी खुराक प्राप्त किए 39 सप्ताह होने तक प्रतीक्षा करनी होगी।