निर्यातकों का मास्टर स्ट्रोक, बायर्स के लिए करेंगे निशुल्क कस्टमाइजेशन
मुरादाबाद के निर्यातकों ने यूरोपीय बाजारों में अपनी पैठ बढ़ाने के लिए उत्पादों का कस्टमाइजेशन पर ध्यान केंद्रित किया है। खरीदारों की अलग-अलग पसंद के अनुसार उत्पाद विकसित करने की प्रक्रिया में, निर्यातकों ने विकास शुल्क न लेने का निर्णय लिया है। इस बदलाव से व्यापार में सुधार की उम्मीद है।

मुरादाबाद। काफी समय यूरोप में मंदी के चलते निर्यात कारोबार पर बड़ी मार झेलने के बाद मुरादाबाद के निर्यातकों ने यूरोपीय बाजारों में अपने उत्पादों की पैठ बढ़ाने के लिए अब मास्टर स्ट्रोक खेला है। निर्यातकों ने यूरोप के खरीदारों के लिए कस्टमाइजेशन पर फोकस बढ़ा दिया है। अब अलग-अलग खरीदार की अलग पसंद और जरूरत को ध्यान में रखकर उत्पाद डेवलप करने की जद्दोजहद में जुटे कई निर्यातकों ने इसके ऐवज में खरीदारों से डेवलपमेंट शुल्क भी नहीं लेने का फैसला किया है। कस्टमाइजेशन पर काफी प्रमुखता से केंद्रित हुए मुरादाबाद के निर्यातक मो.नाजिम ने बताया कि यूरोप के खरीदार अब उत्पादों को कस्टमाइज किए जाने के लिए जोरदार रुझान दिखा रहे हैं।
बायर्स की पसंद और जरूरत के अनुरूप प्रोडक्ट को डेवलप करने का चार्ज भी छोड़ने पर फोकस किया गया है जिसका काफी अच्छा असर आने वाले समय में कारोबार पर दिखाई देने की उम्मीद बढ़ गई है। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेदउर्रहमान ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में कस्टमाइजेशन का रुझान बढ़ा है। उत्पादों को कस्टमाइज करने का अच्छा खासा खर्च आ जाता है। निर्यातक अब खरीदारों को आकर्षित करने के लिए इसका शुल्क छोड़ने भी लगे हैं।


