सर्वाइकल कैंसर से बचाव के टीकाकरण में मुरादाबाद यूपी में अव्वल
मुरादाबाद यूपी में अव्वल मुरादाबाद यूपी में अव्वल 28 फरवरी से शुरू हुए एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट जारी हुई निर्धारित लक्ष्य के

महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाने के लिए प्रदेश में संचालित किए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान में मुरादाबाद को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अभियान के छह महीने की प्रगति रिपोर्ट में मुरादाबाद के यूपी में पहली पायदान पर होने की उपलब्धि सामने आई है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 साल की किशोरियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाए जाने का विशेष अभियान 28 फरवरी से आरंभ किया गया था। इसकी प्रगति की प्रदेश स्तर पर रिपोर्ट जारी होते ही मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई।
टीकाकरण की उपलब्धि
अभियान में मुरादाबाद जनपद ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष सबसे ज्यादा किशोरियों को टीके लगने की उपलब्धि हासिल करके प्रदेश में पहली पायदान पर कब्जा जमाया। मुरादाबाद में 14 साल की 41 हजार 925 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य था जिसके सापेक्ष 42 हजार 255 किशोरियों को एचपीवी के टीके लगे। मुरादाबाद में टीकाकरण की उपलब्धि 100.79 दर्ज की गई। प्रदेश में बागपत दूसरे व ओरैया तीसरे स्थान पर रहे। बागपत में निर्धारित लक्ष्य 18 हजार 533 के सापेक्ष 18 हजार 653 किशोरियों को और ओरैया में 18 हजार 110 के सापेक्ष 18 हजार 226 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण दर्ज किया गया। मुरादाबाद मंडल के जनपद अमरोहा की यूपी में 13 वीं रैंक दर्ज की गई। अमरोहा में निर्धारित लक्ष्य 24 हजार 437 के सापेक्ष 24 हजार 212 किशोरियों का टीकाकरण हुआ। सबसे कम 62.62 फीसदी टीकाकरण की उपलब्धि के साथ गौतम बुद्ध नगर प्रदेश में सबसे फिसड्डी रहा।
नोट: सभी कोट में फोटो हैं:::::
टीकाकरण के सहयोगी
मुरादाबाद में टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े समस्त स्टाफ को यह शानदार उपलब्धि हासिल करने के लिए बहुत बहुत बधाई। सभी ने कड़ी मेहनत और जज्बे के साथ एचपीवी टीकाकरण में अपना योगदान दर्ज कराया। कार्य में इस जज्बे को कायम रखना है।
-डॉ.कुलदीप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी
एचपीवी टीकाकरण अभियान में नियमित एवं सतत मॉनिटरिंग ने जनपद में इसकी शानदार कामयाबी दर्ज कराई। मुरादाबाद जनपद ने निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, लेकिन, जो किशोरियां टीका लगवाने से रह गई हैं उनके लिए टीकाकरण जारी रहेगा।
-डॉ.संजीव बेलवाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।
टीकाकरण की शुरुआत
आरआई केंद्रों पर शुरू होते ही तेजी से बढ़ा टीकाकरण
मुरादाबाद। इस साल 28 फरवरी को किशोरियों को टीके लगाने के लिए एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत मुरादाबाद में मंडलीय जिला महिला अस्पताल समेत दस अस्पतालों में टीके लगने से की गई थी। जुलाई तक टीके लगने की रफ्तार कम थी, तब तक सिर्फ आठ हजार किशोरियों को ही टीके लगे थे, लेकिन, अगस्त में शासन ने उन सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर किशोरियों को ये टीके लगाने का फैसला किया जहां नियमित टीकाकरण (आरआई) कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों व गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जाते हैं। दो सौ से अधिक केंद्रों पर ये टीके लगने लगे। इन सभी केंद्रों पर टीकाकरण की शुरुआत होते ही टीके लगवाने को लाभार्थी किशोरियों को पहुंचने का सिलसिला बहुत तेजी से बढ़ गया।


