एसडीपीओ ने की मासिक अपराध गोष्ठी, दिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश
महेशपुर में एसडीपीओ विजय कुमार ने मासिक अपराध गोष्ठी में रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों पर नजर और अफवाहों पर तत्परता से कार्रवाई का निर्देश दिया। सभी थाना प्रभारियों को जनता की शिकायतों का गंभीरता से निपटारा करने के लिए भी कहा गया।
महेशपुर, एक संवाददाता। एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी की।
मासिक अपराध गोष्ठी के निर्देश
अपराध गोष्ठी में मुख्य रूप से रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्ती करने, भीड़-भाड़ वाले जगहों में लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया।
सार्वजनिक शिकायतों का निपटारा
अपराध गोष्ठी में एसडीपीओ ने उपस्थित सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उसके त्वरित निष्पादन करने तथा पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही सूचना तंत्र को एवं थाना क्षेत्र के चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने का निर्देश देने की बात कही। मासिक अपराध गोष्ठी में किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
लंबित मामलों की समीक्षा
गोष्ठी में एसडीपीओ ने बारी-बारी से थानों के लंबित कांडों, यूडी से संबंधित लंबित कांडों, पूर्व से तथा विगत माह तक के सभी प्रकार के लंबित व प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा करने के पश्चात उसके त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रभारियों को नियमित रूप से दिवा, संध्या और रात्रि गश्ती करने का निर्देश दिया। मासिक अपराध गोष्ठी में अमड़ापाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पाकुड़िया थाना के एसआई नागेंद्र कुमार, एसडीपीओ के रीडर नरेन मरांडी एवं पुलिस निरीक्षक के रीडर पिंटू कुमार मौजूद थे।


