दहशत : फिर से खतरे के निशान की ओर बढ़ रही गंगा
पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे खादर क्षेत्र के गांवों में दहशत फैल गई है। बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर में निरंतर वृद्धि हो रही है। एसडीएम ने गांवों का दौरा करके स्थानीय लोगों को स्थिति से अवगत कराया है।

पहाड़ों और मैदानी क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से एक बार फिर से गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने से खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। इससे गंगा खादर क्षेत्र के गांवों में दहशत बढ़ रही है। वहीं एसडीएम ने अधिकारियों के साथ बुधवार को खादर क्षेत्र का दौरा किया। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्र में बारिश होने के बाद बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने का सिलसिला जारी है। बिजनौर बैराज से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी के ब्रजघाट पहुंचने से गंगा जलस्तर में करीब 10 सेमी की बढ़ोतरी हुई है। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने से गंगा खादर क्षेत्र के किसान और ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही है।
वहीं गंगा किनारे पर स्थित रास्तों और जंगल में पानी भरने से उनके सामने पशुओं के चारे का संकट उत्पन्न हो सकता है। मंगलवार शाम को गंगा का जलस्तर बढ़कर समुद्रतल से 198.35 मीटर के निशान तक पहुंच गया था, उसके बाद बुधवार को गंगा का जलस्तर 10 सेंटी मीटर बढ़कर 198.45 मीटर तक पहुंच गया। जिसमें बढ़ोतरी का क्रम लगातार जारी है।एसडीएम श्रीराम सिंह ने बताया कि बुधवार को भी बिजनौर से करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने का सिलसिला लगातार जारी है। जिसके ब्रजघाट पहुंचने पर जलस्तर में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर एसडीएम श्रीराम सिंह ने खादर क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान गांवों के लोगों के गंगा के बढ़ते जलस्तर के बारे में जानकारी दी।


