रांची जिला में खरीफ सीजन में 1.90 लाख किसानों की फसलों की होगी बीमा
रांची में खरीफ सीजन के लिए फसल बीमा कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। बीमा के लिए किसानों से बैंक खाता सत्यापन के लिए एक रुपये की टोकन राशि ली जा रही है। इस बार जिला में 1.90 लाख किसानों के लिए 1.64 लाख हेक्टेयर जमीन पर बीमा योजना लागू है, जिसका प्रचार-प्रसार शुरू हो गया है।

रांची, प्रमुख संवाददाता। मानसून सीजन में खरीफ सीजन के अगहनी धान व भदई मक्का समेत अन्य फसलों के लिए सरकार के स्तर से बीमा का काम पोर्टल खुलने के साथ शुरू हो गया है। इस क्रम में आवेदक किसानों के बैंक खाता के सत्यापन के लिए एक रुपये की टोकन राशि ली जा रही है। टोकन राशि के रूप में किसानों से एक रुपये के स्थान पर सौ रुपये प्रति एकड़ प्रीमियम राशि लेकर किसानों को आच्छादित किया जा रहा है। रांची जिला में पिछले दो साल से तय लक्ष्य को इस बार भी यथावत रखा गया है। जिला के 18 प्रखंडों में कृषि विभाग के बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ में 1.90 लाख किसानों से जुड़े 1.64 लाख हेक्टेयर जमीन पर फसल बीमा की योजना है।
इसको लेकर प्रखंड सहकारिता पसाद पदाधिकारी एवं टीम की ओर से प्रचार-प्रसार का भी काम शुरू हो गया है। इस क्रम में बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्रखंड व पंचायत स्तर पर कार्यशाला तथा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विभागीय अधिसूचना में यह बताया गया है कि सुपर अलनीनो के कारण जिला में औसत से कम वर्षा के आसार है। ऐसे में योजना में अधिसंख्य किसानों को जोड़े जाने की तैयारी है। जिससे मौसम को लेकर विपरीत परिस्थिति में किसानों खरीफ सीजन में संभावित नुकसान को कम किया जा सके।


