उत्तराखंड में मानसून तेज, तीन दिन का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। 18 से 20 जुलाई तक 10 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने भूस्खलन और चट्टान गिरने की चेतावनी दी है। लोगों को सतर्क रहने और केवल आवश्यक यात्रा करने का सुझाव दिया गया है।

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज हो गई है। प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी जिलों में आगामी तीन दिन तेज बारिश के आसार हैं। देहरादून समेत 10 जिलों में आज बारिश होगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान और अलर्ट जारी किया है। देहरादून , नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी , पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, उधमसिंह नगर, चम्पावत एवं बागेश्वर जनपदों में 18 जुलाई से लेकर 20 जुलाई तक कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है । 21 जुलाई को बागेश्वर जनपद में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है।
बारिश के कारण कहीं-कहीं भूस्खलन, चट्टान गिरना एवं मलबा आने की संभावना है।भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। चारधाम एवं अन्य स्थानों की यात्रा केवल अतिआवश्यक होने पर ही करें। नदियों, सहायक नदियों, गदेरों, बरसाती नालों एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आगाह किया है।


