लगातार चौथे साल जून में मानसून ने मुंह फेरा
मुजफ्फरपुर में मानसून अब सक्रिय हो गया है, हालांकि सामान्य से 78 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार, जून का महीना पिछले एक दशक में तीसरा सबसे सूखा साबित हुआ। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। तय समय से दो दिन बाद जिले में प्रवेश करने के बाद थमा मानसून अब सक्रिय हो गया है। करीब एक पखवाड़े बाद शुरू हुई मानसूनी बारिश के बावजूद जिले में सामान्य से करीब 78 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके साथ ही इस साल का जून पिछले एक दशक में तीसरा सर्वाधिक सूखा महीना साबित हुआ है। इसके पहले 2015 में सबसे कम 17.7 मिमी बारिश ही दर्ज की जा सकी थी। जबकि, दूसरा सबसे सूखा जून महीना 25.5 मिमी के साथ 2018 में रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, मानूसनी बारिश लगातार चौथे साल सामान्य स्तर के एक तिहाई से भी कम रही है।
बारिश के कारण
मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अन्य वर्षों की तरह इस साल बारिश कम होने का प्रमुख कारण अलनीनो का सक्रिय होना है। वहीं, बिहार सांख्यिकी विभाग से वर्षा के मिले आंकड़ों के अनुसार, इस साल जून में अब तक कुल 36.4 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य स्तर 164.1 मिमी का केवल 22.18 फीसदी है। इस तरह करीब 77.82 फीसदी कम मानसून बरसा है। आंकड़ों के अनुसार कोरोना काल के बाद बारिश की मात्रा में लगातार कमी आई है। 2023 में 55.10 मिमी, 2024 में 49.10 मिमी और 2025 में केवल 36.84 मिमी ही बारिश हुई थी।
ऑरेंज अलर्ट
अभी तीन दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट:
इस बीच मंगलवार को जिले के मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिला। सुबह से ही काले घने बादल के बीच हल्की बारिश होती रही। लगभग दो मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर तक करीब ऐसा ही मौसम बना रहा। इससे दिन का तापमान गिरा। वहीं, दो बजे के बाद धूप निकलने से तापमान में कुछ सुधार आया। हालांकि, उमस में कमी से कुछ राहत मिली।
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया। केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार इसके अनुसार 3 जुलाई तक जिले के कई स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। एक दो जगहों पर भारी बारिश होने का भी अनुमान व्यक्त किया।
तापमान में बदलाव
चार डिग्री गिरा दिन का पारा:
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस कम होकर 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। यह सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर औसतन 12 किमी प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चलती रही।
पिछले आठ सालों में बारिश का आँकड़ा
पिछले आठ सालों में इस तरह हुई बारिश
साल मात्रा (मिमी में)
2019 49.60
2020 310.80
2021 315.30
2022 166.10
2023 55.10
2024 49.10
2025 36.84
2026 36.40


