लालू, राबड़ी और तेजस्वी समेत नौ के खिलाफ आरोप तय
राउज एवेन्यू कोर्ट ने आईआरसीटीसी के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के ठेके में अनियमितता से जुड़े धनशोधन मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत नौ आरोपियों के खिलाफ धनशोधन के आरोप तय किए हैं। अदालत ने सात आरोपी को आरोपमुक्त कर दिया है।

राउज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के ठेके में कथित अनियमितता से जुड़े धनशोधन मामले में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव समेत नौ आरोपियों के खिलाफ धनशोधन के आरोप तय कर दिए हैं। विशेष जज विशाल गोगने की अदालत ने मामले में सात आरोपियों को आरोपमुक्त (डिस्चार्ज) कर दिया है। अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टा उपलब्ध सामग्री से लालू यादव के रेल मंत्री रहते पद के दुरुपयोग और अपराध से अर्जित आय को लेकर मजबूत संदेह पैदा होता है। मामले में औपचारिक रूप से आरोप तीन अक्तूबर को तय किए जाएंगे। बता दें कि इससे पहले इसी मामले से जुड़े सीबीआई केस में भी अदालत लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर चुकी है। मामले में फिलहाल ट्रायल चल रहा है। धनशोधन मामले में फरवरी 2026 में अदालत ने आरोप तय करने के मुद्दे पर सुनवाई पूरी करने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था। ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल डी.पी. सिंह और अधिवक्ता मनु मिश्रा ने अदालत में दलील दी थी कि आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सामग्री मौजूद है। वहीं, लालू परिवार ने जांच और आरोपों को लगातार खारिज किया। उनकी ओर से कहा गया था कि उनके खिलाफ मामले में ठोस साक्ष्य नहीं हैं और जांच राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है。
रेलवे के होटल ठेके से शुरू हुई कहानी
यह मामला वर्ष 2004 से 2009 के बीच लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान आईआरसीटीसी के होटलों के संचालन से जुड़े ठेकों से संबंधित है। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि रेलवे अधिकारियों की मदद से रांची और पुरी के दो आईआरसीटीसी होटलों के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर किया गया। इन होटलों के सब-लीज का ठेका विजय और विनय कोचर की कंपनी सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को मिला था। जांच एजेंसियों का दावा है कि ठेका दिलाने के बदले निजी लाभ पहुंचाया गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह पूरा लेन-देन सीधे पैसे देने के बजाय जमीन और कंपनी के शेयरों के जरिए कथित तौर पर किया गया। इसे एजेंसियों ने एक तरह का ‘क्विड प्रो क्वो’ यानी एक लाभ के बदले दूसरा लाभ देने का मामला बताया है। जांच एजेंसी के अनुसार, होटल का ठेका मिलने के बदले कथित तौर पर पटना की करोड़ों रुपये की जमीन बेहद कम कीमत पर ऐसी कंपनी को हस्तांतरित की गई, जिसका संबंध लालू परिवार से बताया गया। इस कंपनी का नाम पहले डिलाइट मार्केटिंग कंपनी था, जिसे बाद में लारा प्रोजेक्ट्स के नाम से जाना गया। आरोप है कि यह जमीन लेन-देन कथित तौर पर उस पूरे सौदे का हिस्सा था, जिसके तहत रेलवे के होटलों का ठेका सुजाता होटल्स को मिला।
151 कंपनियों के जरिए रकम घुमाने का आरोप
ईडी ने जमीन खरीदने में इस्तेमाल रकम के स्रोत पर भी सवाल उठाए। एजेंसी के अनुसार जमीन खरीदने के लिए इस्तेमाल धन का स्रोत संदिग्ध था और इसे आरोपी प्रेमचंद गुप्ता से जुड़ी 151 समूह कंपनियों के जरिए कथित तौर पर घुमाया गया। इसमें अभिषेक फाइनेंस कंपनी लिमिटेड नाम की एनबीएफसी के इस्तेमाल का भी आरोप है। एजेंसी ने राबड़ी देवी द्वारा कंपनी के शेयर खरीदने के लिए इस्तेमाल रकम को भी संदिग्ध बताया।
एफआईआर पर ईडी ने दर्ज किया था मामला
सीबीआई ने वर्ष 2017 में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। सीबीआई की एफआईआर के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने बाद में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था। ईडी ने आरोप लगाया कि रेलवे होटल टेंडर में कथित अनियमितताओं से अर्जित अपराध की आय को अलग-अलग कंपनियों और संपत्ति संबंधी लेन-देन के जरिए आगे बढ़ाया गया। इसी धनशोधन मामले में ईडी ने लालू परिवार समेत कुल 16 आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 में आरोपपत्र दाखिल किया था।
सीबीआई के मामले में तय हो चुके हैं आरोप
इसी कथित घोटाले से जुड़े सीबीआई के भ्रष्टाचार मामले में भी अदालत पिछले साल आरोप तय कर चुकी है। अक्तूबर 2025 में विशेष जज विशाल गोगने की अदालत ने लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोप तय किए थे। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई थीं।
इन पर तय हुए आरोप
-मेसर्स लारा प्रोजेक्ट
-लालू प्रसाद यादव
-राबड़ी देवी
-तेजस्वी यादव
-सरला गुप्ता
-प्रेम चंद गुप्ता
-सुजाता होटल्स
-विनय कोचर
-विजय कोचर
आरोपमुक्त हुए आरोपी
-राहुल यादव
-गौरव गुप्ता
-नाथ मल कंकरनिया
-विजय त्रिपाठी
-डीएन तुल्स्यान
-राजीव रेलन
-अभिषेक फाइनेंस

