महराजगंज के मोहम्मद सैफ का इसरो में वैज्ञानिक पद पर चयन
महराजगंज के वीर बहादुर नगर निवासी मोहम्मद सैफ का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता ने परिवार और जनपदवासियों में खुशी का माहौल बनाया है। सैफ ने अपनी शिक्षा पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज और डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पूरी की।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। महराजगंज के वीर बहादुर नगर निवासी मोहम्मद सैफ का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सैफ की सफलता को लेकर जनपदवासियों में भी उत्साह है।मदरसा जामिया रिजविया नूरुल उलूम सिविल लाइन महराजगंज में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत मोहम्मद असलम खान के पुत्र मोहम्मद सैफ ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद गेट परीक्षा के माध्यम से उनका चयन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र, हरियाणा में एमटेक के लिए हुआ।
उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद मोहम्मद सैफ ने घर पर रहकर नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने एक के बाद एक कई प्रतिष्ठित सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की। अंततः उनका चयन इसरो में वैज्ञानिक के पद पर हुआ। सैफ के बड़े भाई मोहम्मद फैज सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।


