पीएम के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है: प्रभारी मंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल की सेवा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक बहराइच में 'सेवा संकल्प अभियान' संचालित होगा। प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों और युवा, महिला, किसान को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

बहराइच,संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के निरन्तर सेवा काल की जन कल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित होगा।अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि एक माह तक चलने वाले अभियान में शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा कर समय से पूर्व कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की मूल भावना पीएम के 25 वर्षों के सेवाकाल में हुए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों और ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है।
केंद्र के 12 वर्ष और प्रदेश के 10 वर्ष के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत किया जाए।उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ा जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और जनसमस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण हो।जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए। बैठक में । बैठक में एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, पदमसेन चौधरी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, विधायक बलहा सरोज सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय ,एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, सीडीओ सुनील कुमार धनवंता, डीएफओ सुंदरेशा मौजूद रहे।


