17 से शुरू होगा पंचायत से लेकर शहर तक सेवा संकल्प अभियान
विभागों को समन्वय के साथ समय पर तैयारी पूरी करने का दिया गया निर्देश, अभियान के दौरान जिले में शिक्षा, समाज कल्याण, कला-संस्कृति, सूचना एवं जनसंपर्क, पंचायती राज, नगर विकास और उद्योग समेत विभिन्न...

विभागों को समन्वय के साथ समय पर तैयारी पूरी करने का दिया गया निर्देश
अभियान की तैयारी
जहानाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जहानाबाद में तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान के दौरान जिले में शिक्षा, समाज कल्याण, कला-संस्कृति, सूचना एवं जनसंपर्क, पंचायती राज, नगर विकास और उद्योग समेत विभिन्न विभागों की भागीदारी से जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की तैयारियों और क्रियान्वयन की समीक्षा कर जरूरी हिदायतें दी है। इसमें डीएम छिरिङ वाई भूटिया, एसपी कोटा किरण कुमार और उप विकास आयुक्त भी मौजूद रहे।
कार्यक्रमों का समन्वय
सरकार ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया है कि अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का संबंधित नोडल और सहयोगी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान जिले में सेवा दिवस, जनसेवा एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम, ‘कहानी बदलाव की’, सेवा ज्योति यात्रा, जनभागीदारी एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। युवाओं को जोड़ने के लिए हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज भी प्रस्तावित है। इसके अलावा ‘जनसेवक महाकुंभझ्रपंचायत से पार्लियामेंट’ और ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यक्रमों की तैयारी करने को कहा गया है। संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागवार जिम्मेदारी, आपसी समन्वय और कार्यक्रमों के समयबद्ध आयोजन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।


