‘मेड इन इंडिया’ चिप से युवा देंगे एआई क्रांति को ताकत : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत पूरी इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन विकसित कर रहा है, जिसमें सेमीकंडक्टर शामिल हैं। उन्होंने गुजरात में सीजी सेमी की सेमीकंडक्टर चिप का उद्घाटन किया, जिसे जापान को निर्यात किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत अब उत्पादों और कलपुर्जों से लेकर सेमीकंडक्टर तक पूरी इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन विकसित कर रहा है। यही विकसित भारत का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया चिप की बदौलत देश के युवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक्स और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी क्रांति का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री ने गुजरात के साणंद में सीजी सेमी की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओसैट) सुविधा का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्हें कंपनी में बनी पहली सेमीकंडक्टर चिप भी भेंट की गई। इसे जापान को निर्यात किया जाएगा。
सेमीकंडक्टर का विकास
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग का विस्तार रातोंरात नहीं हुआ है। यह पिछले एक दशक में देश में आई इलेक्ट्रॉनिक्स क्रांति का अगला चरण है। उन्होंने कहा, पहले उत्पाद, फिर कलपुर्जे और अब सेमीकंडक्टर... भारत पूरी इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन तैयार कर रहा है। सरकार का लक्ष्य भारत में चिप डिजाइन, निर्माण (फैब्रिकेशन) और पैकेजिंग तक का संपूर्ण सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करना है। उन्होंने कहा, 'सेमिकॉन इंडिया' कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, देश ने पांच वर्ष पहले संकल्प लिया था कि भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाएंगे। हम डिजाइन इंडिया, मेक इन इंडिया के मंत्र को लेकर आगे बढ़े और आज देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में भी चिप पैकेजिंग का वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो रहा है।
वैश्विक पहचान
जापान, अमेरिका और यूरोप में होगा निर्यात : वैष्णव
इस मौके पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस संयंत्र में निर्मित चिप का उपयोग ऑटोमोबाइल और औद्योगिक क्षेत्रों में किया जाएगा। इन चिप का बड़ा हिस्सा जापान, अमेरिका और यूरोप को भी निर्यात किया जाएगा। इससे भारतीय तकनीक को वैश्विक पहचान मिलेगी।
वैष्णव ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि भारत अब वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में एक विश्वसनीय भागीदार बनकर उभर रहा है। देश में निर्मित चिप घरेलू बाजार की जरूरतें पूरी करने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी जगह बना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी सेमीकंडक्टर उद्योग के रूप में स्थापित करने और बड़े निर्यातक देश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग स्थापित करने का संकल्प अब वास्तविकता बन चुका है।


