कृषि में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाकर किसानों की आय बढ़ाएं: डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह
गोरखपुर में कृषि में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कृषि ड्रोन की भूमिका पर चर्चा की गई। 240 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने ड्रोन तकनीक से पानी की बचत और कृषि में रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। ड्रोन सेवाओं के विकास पर जोर दिया गया।
गोरखपुर। राजीव दत्त पाण्डेय कृषि में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाकर किसानों की आय और ग्रामीण आजीविका के अवसरों को बढ़ाया जा सकता है। कृषि विमान ड्रोन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। किसानों को नई तकनीक से जोड़ने के साथ ड्रोन आधारित सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने की जरूरत है।
कार्यक्रम का आयोजन
यह विचार डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित कृषि ड्रोन, ग्रामीण उद्यमिता एवं आजीविका संवर्धन कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में प्रदेश के 17 जिलों से आए 240 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। किसानों, ड्रोन दीदियों, एफपीओ और कृषि क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ संवाद के अलावा परिसर में कृषि ड्रोन से फसलों पर छिड़काव का सजीव प्रदर्शन किया।
ड्रोन तकनीक का विकास
मुख्य वक्ता डॉ. शंकर गोयंका ने बताया कि एमपीआईटी की ड्रोन टेक्नोलॉजी लैब को कृषि विभाग सहयोग से कृषि ड्रोन टेक्नोलॉजी हब एवं संसाधन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ड्रोन उपयोगकर्ताओं, किसानों, एफपीओ और सरकारी योजनाओं के ऑपरेटरों को सर्विसिंग, रखरखाव, मरम्मत और तकनीकी सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि एक एकड़ में पारंपरिक छिड़काव के लिए 60-70 लीटर पानी की जरूरत होती है, जबकि ड्रोन से करीब 10-12 लीटर पानी में छिड़काव संभव है।
आगामी योजनाएं
उप कृषि निदेशक धनंजय सिंह ने ड्रोन लैब को संसाधन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने ड्रोन दीदियों के लिए सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की आगामी योजना की जानकारी दी। सीईओ आयुष चौरसिया ने ड्रोन तकनीक, 3डी प्रिंटिंग और अन्य उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. संदीप प्रकाश उपाध्याय ने सूक्ष्म बूंदों से छिड़काव और रसायनों के अनावश्यक फैलाव को कम करने की संभावनाएं बताईं। किसानों और एफपीओ प्रतिनिधियों ने छोटे जोत वाले किसानों तक ड्रोन सेवाएं पहुंचाने, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग पर अनुभव साझा किए।

