दीक्षांत इंटरनेशनल में मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन शुरू
हल्द्वानी में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय मॉडेल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन की शुरुआत हुई। इसमें 300 छात्र-प्रतिनिधि वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उद्घाटन करते हुए, अतिरिक्त जिलाधिकारी विवेक राय ने युवाओं को नेतृत्व और लक्ष्य के प्रति प्रेरित किया। यह सम्मेलन विद्यार्थियों को कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करेगा।
हल्द्वानी। दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार से दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। सम्मेलन में कुमाऊं मंडल के 12 से अधिक विद्यालयों के करीब 300 छात्र-प्रतिनिधि वैश्विक मुद्दों पर चर्चा, बहस और समाधान प्रस्तुत करेंगे। विद्यालय के प्रबंधक समित टिक्कू ने कहा कि डिसमन 6.0 केवल शैक्षणिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, शोध, तार्किक चिंतन, कूटनीतिक समझ और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से हर चुनौती का सामना धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विवेक राय ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, अनुशासन और परिश्रम के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन में प्रतिभागी संयुक्त राष्ट्र की नौ विभिन्न समितियों में अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तर्कपूर्ण बहस, नीति-निर्माण और समाधान प्रस्तुत करेंगे। इसके माध्यम से उन्हें वैश्विक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य रूपक पांडे ने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सम्मेलन के दौरान विभिन्न समितियों में समसामयिक वैश्विक विषयों पर विचार-विमर्श, बहस और नीति-निर्माण की प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों के नेतृत्व, संवाद, सहयोग और शोध कौशल को नई दिशा मिलेगी।


