सनक : टंकी-टावर पर चढ़कर इंसाफ की मांग या अपनी बात मनवाने की जिद

हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

प्रयागराज और प्रतापगढ़ में 1 जनवरी से 18 जून के बीच 15 मामले सामने आए हैं, जहां महिलाएं और युवतियां मोबाइल टावरों और पानी की टंकियों पर चढ़कर अपनी मांगें मनवाने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस और प्रशासन को हर बार इन मामलों में हस्तक्षेप करना पड़ रहा है, जो सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया है।

सनक : टंकी-टावर पर चढ़कर इंसाफ की मांग या अपनी बात मनवाने की जिद

प्रयागराज। प्रेम विवाद हो, पारिवारिक कलह, जमीन विवाद या फिर प्रशासन से शिकायत, इंसाफ और अपनी मांगें मनवाने के लिए लोग अब ‘शोले’ फिल्म के वीरू की तर्ज पर मोबाइल टावर और पानी की टंकियों पर चढ़कर हंगामा करने लगे हैं। प्रयागराज और प्रतापगढ़ में नए साल से शुरू हुआ यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। दोनों जिलों में एक जनवरी से 18 जून तक ऐसे 15 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें एक-दो को छोड़कर सभी मामलों में महिलाएं व युवतियां शामिल हैं। बीते साढ़े पांच महीनों में कहीं प्रेम प्रसंग में कार्रवाई की मांग को लेकर युवती टावर पर चढ़ी तो कहीं पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने पानी टंकी को दूसरों तक अपनी बात पहुंचाने का मंच बना लिया।

कुछ मामलों में नौकरी से निलंबन या प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में भी लोगों ने यही तरीका अपनाया। हर घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ती है, जबकि मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से हालात और चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मामलों में समझाकर और आश्वासन के बाद लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया, लेकिन हर बार इस तरह की घटनाएं सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन जाती हैं। लगातार बढ़ रही इस प्रवृत्ति ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.

प्रयागराज में छह मामले आए सामने :

01 जनवरी : नए साल के पहले ही दिन मऊआइमा इलाके में एक युवती बिजली टावर पर चढ़ गई। उसने एकतरफा प्रेम में शादी करने की जिद करते हुए घंटों ड्रामा किया। मनचाहे वर से शादी न होने पर टावर से कूदकर जान देने की भी धमकी दी। पुलिस ने किसी तरह समझाकर उसे सकुशल नीचे उतारा तो लोगों ने राहत की सांस ली।

30 अप्रैल : बिजली विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता अपने निलंबन से नाराज होकर टेलीफोन टावर पर चढ़ गया था। निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ने से विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों में खलबली मच गई। देर रात तक पुलिस ने काफी समझाने के बाद उसे किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारा।

02 मई : फाफामऊ की महिला अपने तथाकथित पति द्वारा मुकदमा लिखाए जाने के विरोध और कुछ लोगों के खिलाफ घर में चोरी व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज नहीं होने के विरोध में बसना नाले के समीप जल निगम की टंकी पर चढ़ गई। करीब सात घंटे बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, इसके बाद वह नीचे उतरी।

11 मई : पट्टे की जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध ममई सराय दादन गांव की युवती सम्हई स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस आलाधिकारियों के साथ राजस्व विभाग, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ भी मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे तक युवती से संवाद स्थापित कर सुरक्षित नीचे उतारा गया।

01 जून : मऊआइमा के जाजापुर की युवती तपती दोपहरी में मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। युवती पड़ोसी युवक से शादी कराने की मांग को लेकर उसे मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, फिर भी युवती टावर पर डटी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उसे नीचे उतारकर घर भेज दिया।

10 जून : पति के दूसरी शादी करने के विरोध में एक महिला सैदाबाद स्थित जलनिगम की करीब 60 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे से भीड़ जुट गई। महिला ने पति पर दो साल से साथ नहीं रखने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने जान जोखिम में डालकर उसकी जान बचाई.

----------

प्रतापगढ़ में आठ मामले आए सामने :

प्रतापगढ़ के मामले:

29 मार्च : कुंडा कस्बे के पास मनगढ़ रोड पर बाघराय की एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रेमी को बुलाया और शादी का आश्वासन दिया, तब वह नीचे उतरी। इसके बाद थाने में पंचायत हुई और उसके बालिग होने पर शादी कराने का आश्वासन दिया गया।

21 अप्रैल : पट्टी कोतवाली के सलाहपुर में अनुसूचित जाति की एक किशोरी अनुसूचित जनजाति के युवक से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस व परिजन समझाते रह गए, लेकिन वह किसी की बात सुनने को राजी नहीं हुई। अंत में प्रेमी को बुलाकर शादी के आश्वासन पर नीचे उतरने को राजी हुई।

21 अप्रैल : शुकुलपुर की एक युवती पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध होकर कचहरी स्थित पानी टंकी पर चढ़ गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आश्वासन देते रहे रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। कुछ लोगों ने टंकी पर चढ़ने का प्रयास किए, तो कूदने की धमकी देने लगी। अंत में परिजनों के आने पर नीचे उतरी।

21 अप्रैल : लीलापुर थानाक्षेत्र के देवली में एक युवती जमीन के विवाद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह शिकायती पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाने लगी। हर हाल में कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा गया। थाने पर दोनों पक्ष को बुलाकर जमीन की पैमाइश का लिखित आश्वासन दिया गया।

20 मई : महेशगंज सीएचसी में निजी सफाईकर्मी का काम करने वाली कुंडा की गर्भवती विवाहिता पल्टन बाजार स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसे पहले पति से चार साल का एक बेटा भी है। वह प्रेमी को जेल से छुड़ाने और शादी कराने की जिद करने लगी। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत हो सका.

23 मई : लालगंज के पूरेवासी में एक किशोरी अपने प्रेमी के बचाव और उससे शादी कराने की मांग को लेकर घर के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रेमी के साथ जाने पर परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया, तो वह टावर पर चढ़ गई। बालिग होने पर शादी के आश्वासन पर नीचे उतरने को राजी हुई.

16 जून : कुंडा कस्बे के फरेदूपुर मोहल्ले में स्थित मोबाइल टावर पर एक किशोरी अपने नाबालिग प्रेमी के शादी करने की मांग को लेकर चढ़ गई। टावर पर किशोरी को देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। लालगंज इलाके का रहने वाले प्रेमी के नाबालिग होने और घंटों प्रशासन की ओर से समझाने पर सुरक्षित नीचे उतर आई।

18 जून : जिला न्यायालय स्थित पानी टंकी दूसरी बार युवती के लिए ब्लैकमेलिंग का माध्यम बन गई। युवती चुपके से टंकी पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी, जिसे उसने डेढ़ माह पहले दुष्कर्म में जेल भेजवाया था। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद प्रेमी ने शादी से इनकार कर दिया था.

18 जून : हथिगवां के किलहनपुर गांव में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक से गांव के ही कुछ लोगों ने ब्याज पर रुपये कर्ज लिए थे, लेकिन पांच साल से अधिक समय बीतने के बाद भी उसके रुपये नहीं लौटा रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.

सामान्य प्रश्न

प्रयागराज और प्रतापगढ़ में यह घटनाएं कब से शुरू हुईं?
यह घटनाएं नए साल से यानी 1 जनवरी 2023 से शुरू हुईं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।