श्रावणी मेले में मोबाइल चोर सक्रिय, 7 दिनों में 150 से अधिक शिकायतें
देवघर में राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के बीच मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मेले के पहले 7 दिनों में, नगर थाना में 70 और बाबा वैद्यनाथ मंदिर थाना में 80 से अधिक शिकायतें मिली हैं। पुलिस श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील कर रही है।

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान जहां लाखों श्रद्धालु बाबा वैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर पहुंच रहे हैं, वहीं भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोर भी सक्रिय हो गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, मेले के शुरुआती 7 दिनों में नगर थाना में 70 से अधिक जबकि बाबा वैद्यनाथ मंदिर थाना में 80 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मोबाइल चोरी या गुम होने की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन थानों में लगातार आवेदन पहुंच रहे हैं।
मोबाइल चोरी के प्रमुख स्थान
जानकारी के अनुसार मोबाइल चोरी की सबसे अधिक घटनाएं टावर चौक, आजाद चौक, मंदिर गली, पेड़ा गली तथा शिवगंगा, क्यू कॉम्प्लेक्स के आसपास सामने आ रही है। इसके अलावा बाबा मंदिर थाना क्षेत्र व मंदिर परिसर के आसपास भी प्रतिदिन कई श्रद्धालुओं के मोबाइल गायब होने की शिकायत मिल रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जेबकतरे और उचक्के श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मोबाइल चोरी के शिकार होने वालों में राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, पटना, कोलकाता सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु शामिल हैं। बताया जाता है कि जिनके मोबाइल गुम या चोरी हो जाते हैं, उनमें से आधे से अधिक लोग शिकायत दर्ज ही नहीं कराते। ऐसे में वास्तविक संख्या दर्ज मामलों से कहीं अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक नगर थाना में प्रतिदिन औसतन 10 से 12 तथा बाबा मंदिर थाना में 12 से 15 आवेदन मोबाइल चोरी या गुम होने के संबंध में प्राप्त हो रहे हैं। वहीं पुलिस कई संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की है, हालांकि अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है और न ही चोरी गए मोबाइलों की उल्लेखनीय बरामदगी हो पाई है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों का दावा है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष चोरी की घटनाओं में कुछ कमी आई है, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मोबाइल चोर अब भी पुलिस के लिए चुनौती बने हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।


