कपकोट के गांव-गांव में होगा बीमारियों का इलाज
कपकोट के गांव-गांव में अब स्वास्थ्य सेवाएं मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन के माध्यम से उपलब्ध होंगी। हंस फाउंडेशन के सहयोग से, ग्रामीण इलाकों में हर महीने 23 स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएंगे। वैन में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्स उपस्थित रहेंगे, जो स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार प्रदान करेंगे। इससे ग्रामीणों को अस्पताल आने में सुविधा होगी।

देवेंद्र पांडे, कपकोट। कपकोट के गांव-गांव में लोगों की बीमारियों का इलाज होगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हंस फाउंडेशन के सहयोग से कपकोट क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रोस्टर के अनुसार मोबाइल वैन कपकोट ब्लॉक के गावों में नजदीकी सड़क तक पहुंचकर कैंप आयोजित करेगी। निर्धारित कैंप स्थल पर मोबाइल वैन में उपस्थित डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैबोरेटरी तकनीशियन और नर्स ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। वैन में खून की जांच की सुविधा के अलावा दवाइयां भी उपलब्ध होंगी। प्रत्येक माह रोस्टर के अनुसार 23 स्वास्थ्य कैंप आयोजित होंगे। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा।
इससे दूरस्थ ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए अस्पताल तक आने की परेशानी से राहत मिलेगी।


