नासिक में महिला पर्यटक से छेड़छाड़, परिजनों पर हमला; नौ लोग गिरफ्तार
रविवार को नासिक जिले के भवाली बांध पर एक महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ की गई। उसके परिजनों ने विरोध किया, जिससे आरोपी उन पर भी हमला कर दिए। आरोपियों ने बाद में महिला का मोबाइल और सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद पुलिस ने मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया।

रविवार को भवाली बांध के पास झरनों पर घूमने गया था परिवार छेड़छाड़ के विरोध पर परिजनों से लूटपाट की, एसयूवी का शीशा तोड़ा
घटना का विवरण
नासिक, एजेंसी। महाराष्ट्र के नासिक जिले में भवाली बांध पर 44 वर्षीय महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ और उसके परिजनों पर हमला किया गया। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
परिवार की प्रतिक्रिया
महिला ने रिपोर्ट में कहा कि वह रविवार को अपने पति, बेटे, बेटी, देवर और दो भतीजों के साथ भवाली बांध के पास झरनों पर घूमने गई थीं। उसी दौरान दो युवकों ने उन्हें देखकर सीटी बजाई और उनके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत के अनुसार, जब महिला के परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
हमला और लूट
महिला का आरोप है कि जब उसके पति ने मोबाइल वापस लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके गले से 20 ग्राम की सोने की चेन भी छीन ली और उनके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, जब परिवार वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने कार और मोटरसाइकिल से उनकी एसयूवी गाड़ी का पीछा किया, आगे निकलकर उसका रास्ता रोक लिया।
पुलिस कार्रवाई
इसके बाद कार से आठ-नौ लोग डंडे, लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट लेकर उतरे तथा उन्होंने एसयूवी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और महिला को जबरन वाहन से बाहर निकलने पर मजबूर किया। महिला ने बताया कि बदमाशों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उनमें से एक ने उसके सिर पर बेसबॉल बैट से वार करने की कोशिश की, लेकिन वह वार से बच गई।
पुलिस रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से किसी तरह निकलने के बाद पीड़ित परिवार सीधे थाने पहुंचा और घटना का वीडियो पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद इगतपुरी थाने में मामला दर्ज कर मंगलवार को नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नासिक के एसपी ग्रामीण डॉ. डी.एस. स्वामी ने बताया, इस घटना के सिलसिले में छेड़छाड़, हत्या के प्रयास और डकैती का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपी गिरनारे, नांदगांव साडो, माणिकखांब गांव और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर छह-सात अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। आरोपियों में शामिल भोइर के खिलाफ 2020 में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।


