मानदेय बढ़ने से रसोइयों में दिखी खुशी
बलरामपुर में एमएलके पीजी कॉलेज सभागार में स्वस्थ रसोइया कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के रसोइयों को मानदेय वृद्धि चेक और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने मानदेय को दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने की घोषणा की और स्वास्थ्य कवर तथा दुर्घटना बीमा की सुविधाएं भी प्रदान की।

बलरामपुर संवाददाता। एमएलके पीजी कॉलेज सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वस्थ रसोइया, स्वस्थ विद्यालय कार्यक्रम के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को मानदेय वृद्धि की चेक और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में राजधानी में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने परिषदीय विद्यालयों के रसोइयों का मासिक मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही प्रत्येक रसोइयों को पांच लाख रुपये तक का आयुष्मान स्वास्थ्य कवर, ड्रेस के लिए मिलने वाली धनराशि 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये करने और एसबीआई में खाते खुलवाकर दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनपद स्तरीय समारोह में सदर विधायक पल्टूराम, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी व जिला बेसिक शिक्षाधिकारी विकास चन्द्र श्रीवास्तव ने प्रतीकात्मक रूप से रसोइयों को आयुष्मान कार्ड व मानदेय वृद्धि की चेक प्रदान किया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानदेय वृद्धि और बीमा सुविधाओं से उन्हें आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक और रसोइये मौजूद रहे।


