मंत्री के खंडन के बाद विवाद बढ़ाने की जरूरत नहीं : सोनू राय
बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के विवादित बयान को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच राजद एमएलसी सोनू राय ने मामले को शांत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने बयान का खंडन कर दिया है और विवाद को आगे बढ़ाना उचित नहीं है।

एमएलसी बोले : लोकतंत्र में थाना-कचहरी जाने की सभी को स्वतंत्रता, लेकिन मामले को तूल देना उचित नहीं शीर्ष नेतृत्व ने भी विवाद बढ़ाने वाली कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, मंत्री के खंडन के बाद प्रकरण समाप्त करने की अपील जगदीशपुर, निसं। बिहार सरकार के मंत्री व जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के हालिया विवादित बयान को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच राजद एमएलसी सोनू राय ने मामले को शांत करने की अपील की है।
विवाद को शांत करने की अपील
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंत्री ने अपने बयान का खंडन कर दिया है, इसलिए अब मीडिया और लोगों को इसे जबरन तूल नहीं देना चाहिए। पूर्व विधायक की ओर से आवेदन देकर एफआईआर की कार्रवाई किए जाने के सवाल पर एमएलसी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने तथा थाना या कोर्ट जाने का अधिकार है। यदि किसी को विरोध दर्ज कराना है, तो वह इसके लिए स्वतंत्र है। हालांकि, खंडन अथवा क्षमा मांगे जाने के बाद विवाद को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है। कहा कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से भी इस मामले को और नहीं बढ़ाने की बात कही गई है।
पत्रकारों से संवाद
पत्रकारों के दोनों पक्षों से बयानबाजी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि शीर्ष नेतृत्व ने कोई प्रतिकूल प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही ऐसा कुछ कहा है, जिससे विवाद बढ़े। उन्होंने कहा कि यदि किसी से गलती हो जाए और वह क्षमा मांग ले, फिर भी कोई व्यक्ति संज्ञान लेकर थाना या कोर्ट जाना चाहता है तो वह उसका अधिकार है। लेकिन, मंत्री के बयान का खंडन हो जाने के बाद अब ऐसा कुछ नहीं बचा है, जिस पर विरोध या प्रतिक्रिया जारी रखी जाये। बता दें कि मंत्री के बयान के बाद राजद के दो पूर्व विधायक रामबिशुन सिंह लोहिया और भाई दिनेश इसे मुद्दा बनाये हुए हैं, जबकि राजद एमएलसी ने पार्टी के पूर्व विधायकों से इतर राय रखी है।

