शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में प्रो. उपेंद्र कुमार भी शामिल
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के तीन प्रोफेसर स्टैनफोर्ड-एल्सेवियर की दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल हुए हैं। प्रो. पंकज अरोरा और प्रो. विनय ऋषिवाल के साथ प्रो. उपेंद्र कुमार बालियान का नाम भी सूची में है। बालियान को एग्रोनोमी और एग्रीकल्चर में वैश्विक स्तर पर 1,899वीं रैंक मिली। सूची शोध उद्धरणों और विभिन्न बिबलियोमेट्रिक मानकों पर आधारित है।

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा एल्सवेयर के सहयोग से जारी दुनिया के टॉप-2% वैज्ञानिकों की सूची में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने भी जगह बनाई है। इस सूची में विश्वविद्यालय के तीन प्रोफेसर टॉप-2% वैज्ञानिकों में शामिल हैं। स्कॉपस डाटाबेस से मानकीकृत बिबलियोमेट्रिक डाटा प्रयुक्त कर तैयार इस सूची में तीनों प्रोफेसर विश्वविद्यालय कैंपस से हैं। 2025 में केवल विश्वविद्यालय के एक प्रो. पंकज अरोरा सूची में थे। हालांकि इस बार प्रो. पंकज अरोरा, प्रो. विनय ऋषिवाल के साथ प्रो. उपेंद्र कुमार का नाम भी सूची में शामिल है। विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग एवं कृषि विभाग संकाय के प्रोफेसर उपेंद्र कुमार बालियान को स्टैनफोर्ड-एल्सेवियर की 2026 की शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची की सिंगल-ईयर इम्पैक्ट श्रेणी में शामिल किया गया है। उन्हें एग्रोनोमी और एग्रीकल्चर के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर 1,899वीं रैंक मिली है। यह सूची स्कोपस के आंकड़ों और वर्ष 2025 में प्राप्त शोध उद्धरणों सहित विभिन्न शोध मानकों के आधार पर तैयार की गई है। प्रो. उपेंद्र कुमार बालियान ने वर्ष 2026 की वैश्विक वैज्ञानिक रैंकिंग में स्थान हासिल किया है। कृषि, मत्स्य एवं वानिकी मुख्य क्षेत्र में कार्यरत प्रो. कुमार का कृषि विज्ञान उपक्षेत्र में 95,377 शोधकर्ताओं में 1,899वां स्थान है। पर्यावरण विज्ञान भी उनके शोध का प्रमुख क्षेत्र है। रैंकिंग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रो. उपेंद्र कुमार के शोधपत्रों को अब तक कुल 807 बार उद्धृत किया गया है। यह उपलब्धि कृषि और पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में उनके शोध कार्यों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच को दर्शाती है।
शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची कैसे तैयार हुई
ऐसे तैयार हुई टॉप-2% वैज्ञानिकों की सूची
दुनिया के शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों की यह सूची प्रतिष्ठित जर्नल स्कॉपस के शोध एवं उद्धरण (साइटेशन) आंकड़ों पर केंद्रित है। इसके लिए कुल उद्धरण, एच-इंडेक्स, एचएम-इंडेक्स और कंपोजिट इंडिकेटर (सी-स्कोर) जैसे मानकों के आधार पर वैज्ञानिकों के शोध प्रभाव का मूल्यांकन किया गया। चयन के लिए वैज्ञानिकों के सी-स्कोर के आधार पर विश्व के शीर्ष एक लाख वैज्ञानिकों में स्थान या अपने संबंधित उपक्षेत्र में शीर्ष दो प्रतिशत में होना जरूरी है। 2026 की यह सूची एक अगस्त 2026 के स्कॉपस डेटा स्नैपशॉट पर आधारित है।
कुलपति ने उपलब्धि पर जताया गर्व
विश्वविद्यालय के तीन वैज्ञानिकों का विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह शिक्षक, शोधार्थियों की मेहनत, शोध के प्रति समर्पण और अकादमिक उत्कृष्टता का परिणाम है। शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर शोध एवं नवाचार में आगे बढ़ें और नई ऊचाइयां हासिल करें - प्रो. अनिल कुमार राय, कुलपति

