मणिपद्म जयंती पर सजी मैथिली कविताओं की महफिल
मिथिला सांस्कृतिक परिषद ने मैथिली साहित्यकार डॉ. ब्रजकिशोर वर्मा की स्मृति जयंती पर मैथिली कवि सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रतिभा के धनी मणिपद्म की लेखनी और कृतित्व पर चर्चा की गई। कवि सम्मेलन में कई कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।

मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से रविवार देर शाम सेक्टर-4 ई स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के विद्यापति सभागार में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित मैथिली साहित्यकार डॉ. ब्रजकिशोर वर्मा मणिपद्म की स्मृति जयंती सह मैथिली कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन एवं मणिपद्म के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम का महत्व
महासचिव नीरज चौधरी ने कहा कि मैथिली साहित्य को समृद्ध बनाने में मणिपद्म का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिषद वर्ष 1990 से लगातार मणिपद्म जयंती पर साहित्यिक आयोजन कर रहा है। समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार बुद्धिनाथ झा को परिषद की ओर से मिथिला गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान कवयित्री कल्पना झा की काव्य पुस्तक हसरतों के बीच का विमोचन भी हुआ।
कवियों का योगदान
बुद्धिनाथ झा ने मणिपद्म के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे बहुआयामी प्रतिभा के धनी साहित्यकार थे। लोकगाथाओं पर आधारित उनके उपन्यास काफी चर्चित रहे। वर्ष 1973 में नैका बनिजारा के लिए उन्हें साहित्य अकादेमी पुरस्कार मिला था। दूसरे सत्र में आयोजित कवि सम्मेलन में कल्पना झा, धनंजय कुमार दास, डॉ. रणजीत कुमार झा, गंगेश कुमार पाठक, अरुण पाठक, पूनम चौधरी, भुटकुन झा, सुनील मोहन ठाकुर और विजय शंकर मल्लिक समेत अन्य कवियों ने मैथिली कविता और गीत प्रस्तुत किए। विजय शंकर मल्लिक ने ‘‘ओ मणिपद्म कहां आब पाबी, जिनकर गुण अद्यहुं सभ गाबी...’’ सुनाकर साहित्यकार को श्रद्धांजलि दी। मंच संचालन सुनील मोहन ठाकुर ने किया。

