मिशन शक्ति में डीएम बन छात्राओं ने सीखी प्रशासनिक व्यवस्था
- अभियान में शामिल हुईं 50 हजार बेटियां लखनऊ, प्रमुख संवाददाता यूपी में

यूपी में मिशन शक्ति अभियान के तहत परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को सशक्तीकरण का पाठ पढ़ाया जा रहा है। बेटियों को अपनी रक्षा करने व कानूनों की जानकारी देने के साथ ही एक दिन का डीएम व अधिकारी बनाकर उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था का पाठ पढ़ाया गया।
छात्राओं को प्रशासनिक जिम्मेदारी का अनुभव
लखनऊ व हरदोई सहित विभिन्न जिलों में परिषदीय स्कूलों की छात्राओं को डीएम, मुख्य विकास अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की प्रतीकात्मक जिम्मेदारी सौंपकर प्रशासनिक व्यवस्था को समझाने का प्रयास किया गया। बुधवार को मिड डे मील प्राधिकरण के निदेशक का पद भी परिषदीय स्कूल की छात्रा संभालेगी और स्कूलों में मिड डे मील वितरण को बेहतर करने के लिए निर्णय लेंगी। विभिन्न जिलों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में 50 हजार से अधिक बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, निर्णय लेने और भविष्य में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता रैलियों, पोस्टर-चार्ट संवाद और नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जा रहा है। गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


