मैनपुरी से लापता युवती हाथरस से बरामद
- दो सगे भाईयों पर था युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप मैनपुरी से लापता युवती हाथरस से बरामद मैनपुरी से लापता युवती हाथरस से बरामद

हाथरस, संवाददाता। मैनपुरी से लापता युवती कोतवाली चंदपा क्षेत्र के एक गांव से बरामद हुई है। लापता युवती के भाई ने चंदपा क्षेत्र के एक गांव निवासी दो भाईयों पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए मैनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मैनपुरी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि उसकी 18 साल की बहन दो सितंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक जेल चौराहा मैनपुरी से रूपए निकालने निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
शिकायत में आरोप लगाया था कि बाद में उन्हें पता चला कि हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव के दो भाई युवती को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गए हैं। शिकायत के अनुसार ये दोनों भाई पहले संसारपुर में एक ईंट भट्ठे पर काम करते थे। परिवार की शिकायत के बाद मैनपुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि युवती हाथरस के चंदपा क्षेत्र के एक गांव में है। इसके बाद युवती को आरोपी के घर से ढूंढ निकाला गया। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई मैनपुरी पुलिस कर रही है।


