मेरठ से लापता चार किशोरों को पुलिस ने 24 घंटे में ऋषिकेश से किया बरामद
मेरठ के सरधना क्षेत्र से लापता चार किशोरों को पुलिस और एएचटीयू ने 24 घंटे में ऋषिकेश से बरामद किया। किशोर भामौरी गांव से हरिद्वार, देहरादून होते हुए ऋषिकेश पहुंचे थे। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर उनकी लोकेशन ट्रैक की और जीआरपी की मदद से उन्हें सुरक्षित लौटाया।

मेरठ के सरधना क्षेत्र से लापता चार किशोरों को स्थानीय पुलिस और एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर ऋषिकेश से बरामद कर लिया। चारों किशोर पहले हरिद्वार, फिर देहरादून और इसके बाद ऋषिकेश पहुंच गए थे। रुपये खत्म होने पर वह ऋषिकेश रेलवे स्टेशन गए, जहां से पुलिस ने जीआरपी की मदद से उन्हें सकुशल बरामद किया। शुक्रवार को पुलिस ने बच्चों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। गांव आक्खेपुर निवासी जयभगवान ने बुधवार को थाने में सूचना दी थी कि उसका पौता 15 वर्षीय देव, 13 वर्षीय वासु और मानव उर्फ मंगू घर से करीब एक बजे बिना बताए चले गए हैं।
सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरों की तलाश शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि तीनों किशोर भामौरी गांव पहुंचे थे। वहां से उन्होंने 14 वर्षीय भोला पुत्र रज्जू को भी अपने साथ ले लिया। इसके बाद चारों किशोर हरिद्वार होते हुए देहरादून और फिर ऋषिकेश पहुंच गए। किशोरों की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर एएचटीयू टीम के साथ ऑपरेशन मुस्कान चलाया। टीम ने विभिन्न स्थानों के 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी संसाधनों की मदद से किशोरों की लोकेशन ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर मिली। इसके बाद पुलिस ने जीआरपी की मदद से गुरुवार रात चारों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वह घूमने के लिए घर से निकले थे। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद चारों किशोरों को स्वजन के सुपुर्द कर दिया।


