हिमाचल से लापता किशोरी मुजफ्फरपुर से बरामद
छापेमारी - सदर थाना क्षेत्र से आरोपी व कथित प्रेमिका धराई -

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पंचरुखी थाना क्षेत्र से पिछले दिनों लापता हुई एक किशोरी को रविवार को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के भीखनपुरा इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी नितेश कुमार और उसकी कथित प्रेमिका को भी पकड़ा है। जानकारी के अनुसार, पंचरुखी थाना क्षेत्र की नाबालिग लड़की बीते 14 जुलाई को घर से गायब हो गई। कहीं सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पंचरुखी थाने में मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पूर्वी चंपारण के पकड़ी दयाल की मूल निवासी और वर्तमान में पंचरुखी में रह रही एक विवाहित महिला भी उसी दिन से गायब है।
आगे की छानबीन में यह खुलासा हुआ कि उक्त महिला अपने पति को छोड़कर कथित प्रेमी नितेश कुमार के साथ भाग निकली है और लापता किशोरी भी इसी जोड़े के साथ है। हिमाचल पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लिया तो उनका टावर लोकेशन मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में मिला। हिमाचल पुलिस टीम तीनों को वापस कांगड़ा ले जाने के लिए देर शाम तक ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया में जुटी थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था या इसके पीछे कोई और साजिश थी।


