कोचिंग गई युवती को प्रेमी ने किया अगवा, प्राथमिकी दर्ज
जमालपुर के सफियासराय थाना क्षेत्र में एक युवती लापता हो गई है। उसके पिता ने अजीत कुमार पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। युवती शिक्षक दिवस पर ट्यूशन के लिए निकली थी और शाम तक घर नहीं लौटी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवती को बरामद करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। सफियासराय थाना क्षेत्र की एक युवती के कोचिंग पढ़ने जाने के बाद लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने थाने में आवेदन देकर गंगटा थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी युवक अजीत कुमार पर उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवती की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पीड़ित पिता ने बताया कि शिक्षक दिवस के दिन उनकी पुत्री ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की।
इसी दौरान जानकारी मिली कि उनके ससुराल के बगल में रहने वाला युवक अजीत कुमार, जो मुंगेर जिले के गंगटा थाना क्षेत्र स्थित खैरा गांव निवासी स्व. डब्लू साह का पुत्र है, बाइक से उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया है। पिता ने आशंका जताई है कि शादी की नीयत से उनकी पुत्री का अपहरण किया गया है। इस संबंध में सफियासराय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड संख्या 135/26 दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


