कक्षा आठ की छात्रा गायब, पिता ने सौंपी तहरीर
कुशीनगर के खड्डा थाना क्षेत्र से स्कूल गई 14 वर्षीय छात्रा संदिग्ध हालात में लापता हो गई। छात्रा शनिवार को स्कूल गई, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है, आशंका जताते हुए कि कोई अज्ञात व्यक्ति छात्रा को अपने साथ ले गया है।

कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव से स्कूल गई एक 14 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध हाल में गायब होने का मामला सामने आया है। छात्रा प्रतिदिन की भांति शनिवार की सुबह स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद देर शाम तक घर नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पिता ने पुलिस को तहरीर सौंप कर बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक चौदह वर्षीया छात्रा नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नेबुआ रायगंज स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा है।
पिता के मुताबिक शिक्षक दिवस पर शनिवार की सुबह बेटी निर्धारित समय पर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। छुट्टी के बाद जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने पहले स्कूल तथा आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की। इसके बाद रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर भी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कहीं पता नहीं चला। बेटी के यकायक लापता होने से परेशान पिता ने नेबुआ नौरंगिया थाने में पहुंच कर लिखित तहरीर दी है। उन्होंने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को अपने साथ लेकर चला गया है। पिता ने पुलिस से छात्रा की सकुशल बरामदगी तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाबालिग छात्रा के यकायक लापता होने की घटना से परिवारीजन परेशान हैं। पुलिस छात्रा की तलाश और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


