एशियन गेम्स में रजत पदक जीतकर लौटी मीराबाई चानू का जोरदार स्वागत हुआ
भारोत्तोलक मीराबाई चानू और उनके कोच विजय शर्मा का मोदीनगर में स्वागत किया गया। चानू ने एशियन गेम्स में 28 वर्षों के बाद रजत पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य रखा है। स्थानीय विधायक और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मोदीनगर, चंद्रशेखर त्यागी। जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भारोत्तोलक मीराबाई चानू और कोच विजय शर्मा का बुधवार को मोदीनगर पहुंचने पर दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित वेटलिफ्टिंग वॉरियर्स अकादमी में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने कहा कि एशियन गेम्स में भारत को 28 वर्षों के बाद पदक मिला है। इससे पहले साल 1998 में कर्णम मल्लेश्वरी ने कांस्य पदक जीता था। पदक जीतने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती है। पद्मश्री मीराबाई चानू ने कहा कि ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने के बाद उनका लक्ष्य एशियन गेम्स में पदक जीतने का था।
मीराबाई चानू ने कहा कि अब उनका लक्ष्य ओलंपिक गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने का है। वह ओलंपिक गेम्स के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। मीराबाई चानू ने कहा कि उन्हें मोदीनगर से बहुत स्नेह मिला है,उन्हें मोदीनगर आना बहुत अच्छा लगता है।मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच, नगर पालिका चेयरमैन विनोद वैशाली व यूपी भारोत्तोलन संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन सिंहल और स्वदेश जैन ने मीराबाई चानू व कोच विजय शर्मा का माला पहनाकर स्वागत किया। कोच विजय शर्मा ने कहा कि भारत को एशियन गेम्स में वर्ष 1998 के बाद भारत को अब 2026 के भारोत्तोलक में पदक मिला है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीराबाई चानू ओलंपिक गेम्स में भारत को स्वर्ण पदक दिलाएगी। विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने कहा कि मोदीनगर खेलों में विश्व पटल पर अपनी छाप छोड़ रहा है। कोच विजय शर्मा के नेतृत्व में एकेडमी में भारोत्तलन का भविष्य तैयार हो रहा है। आने वाले समय में यहां से कई मीराबाई चानू निकलेंगी। चेयरमैन विनोद वैशाली ने कहा कि मीराबाई चानू ने ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स में पदक जीतकर मोदीनगर का नाम भी रोशन किया है। कोच विजय शर्मा और मीराबाई चानू के कारण विश्व में मोदीनगर की पहचान बनी है।

